नारनौल डिपो को मिलेंगी 20 नई बसें, दिल्ली-जयपुर और ग्रामीण रूटों पर सफर होगा आसान
हरियाणा रोडवेज के नारनौल डिपो को जल्द ही 20 नई बसें मिलेंगी, जिससे कुल बसों की संख्या 153 से बढ़कर 173 हो जाएगी। इन नई बसों से यात्रियों को राहत मिलेगी और ग्रामीण व शहरी मार्गों पर बस सेवा का विस्तार होगा।

नारनौल बस डिपो। फोटो: जागरण
HighLights
नारनौल डिपो को मिलेंगी 20 नई रोडवेज बसें।
कुल बसों की संख्या 153 से बढ़कर 173 होगी।
ग्रामीण और शहरी मार्गों पर सेवा का विस्तार होगा।
जागरण संवाददाता, नारनौल। हरियाणा रोडवेज के नारनौल डिपो को जल्द 20 नई बसें मिलेंगी। प्रदेश के 22 रोडवेज डिपो में 500 बसों के आवंटन में नारनौल को भी शामिल किया गया है। नई बसें मिलने के बाद डिपो में बसों की संख्या 153 से बढ़कर 173 हो जाएगी।
हालांकि, महेंद्रगढ़ जिले में रोडवेज के सुचारू संचालन के लिए 188 बसों की जरूरत है। ऐसे में 15 बसों की कमी बनी रहेगी।
डिपो के डीआई करतार सिंह ने बताया कि फिलहाल 153 बसें शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मार्गों पर चल रही हैं। बसों की कमी के कारण कई मार्गों पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है। नई बसों से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। यात्री संख्या और मार्गों की जरूरत के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा।
ग्रामीण इलाकों में भी मिलेगी राहत
नई बसें मिलने से दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और जयपुर के प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी सेवा बढ़ाने में मदद मिलेगी। अधिक यात्रीभार वाले मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जा सकेंगे। इससे सीमित बस सेवा वाले ग्रामीण मार्गों पर नियमित सेवा शुरू करने की संभावना भी बढ़ेगी।
विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है। त्योहारी सीजन और छुट्टियों में बढ़ने वाले यात्रीभार को संभालने में भी बसें मददगार होंगी।
कहां से चलेंगी कितनी बसें?
प्रदेश में सबसे अधिक नई बसें भिवानी डिपो को 40 मिलेंगी। हिसार को 37, गुरुग्राम को 35, सिरसा को 32 और यमुनानगर को 28 बसें आवंटित की गई हैं।
फरीदाबाद, फतेहाबाद और कैथल को 25-25, जबकि कुरुक्षेत्र को 25 बसें मिलेंगी। दिल्ली, झज्जर, जींद, करनाल, नारनौल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, अंबाला और पंचकूला को 20-20 बसें दी गई हैं। चंडीगढ़ को 14, चरखी दादरी को 12 और रेवाड़ी डिपो को 2 नई बसें मिलेंगी।
करतार सिंह ने बताया कि परिवहन निदेशालय ने इस संबंध में 18 नवंबर को पत्र जारी किया है। नई बसों का संचालन मार्गों की जरूरत के अनुसार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नारनौल: संकट के समय खुद को और दूसरों को कैसे बचाएं, SDRF जवानों ने छात्रों को दिए टिप्स
यह भी पढ़ें- नारनौल के गोदाम से 25 लाख के ड्राई फ्रूट चोरी, काजू-बादाम समेत कीमती सामान ले गए चोर
ग्रामीण इलाकों में
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।