अब नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में होगा राहगीरी कार्यक्रम
आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 को लेकर जिला के नागरिकों में पूरा उत्साह है।

जागरण संवाददाता, नारनौल: आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के तहत खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 को लेकर जिला के नागरिकों में पूरा उत्साह है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स को सफल बनाने के लिए महेंद्रगढ़ जिले में खेलो इंडिया-राहगीरी 18 मई को शाम लगभग पांच बजे आयोजित होगा। अब राहगीरी कार्यक्रम ग्रीन फील्ड कोरिडोर 152 डी की बजाए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. जेके आभीर ने बताया कि राहगीरी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल व शुभंकर धाकड़ व जय 18 मई को महेंद्रगढ़ जिला में पहुंचेंगे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए खेल विभाग लगातार योजना बना रहा है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में खिलाड़ियों सहित दर्शकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राहगीरी रिले कार्यक्रमों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा ताकि नागरिक इन खिलाड़ियों से प्रेरित हो सकें। इस बारे में खेल विभाग लगातार खिलाड़ियों के संपर्क में है। उपायुक्त ने बताया कि खेलो इंडिया गेम्स-2021 में 25 तरह के गेम होंगे। राहगीरी के दौरान जिलों में खेले जाने वाले गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन जैसे पांच पारंपरिक खेलों में से कम से कम एक खेल को शामिल किया जाएगा। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल व शुभंकर धाकड़ व जय के आगमन पर रूट निर्धारित किए जाएंगे। जल्द ही यह रूट निर्धारित कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन हो रहा है।
जिला युवा एवं खेल अधिकारी परसराम ने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और जोश भरने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें विभिन्न स्कूल कालेज के विद्यार्थियों के अलावा आम जन को भी अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।