विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल में दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया कागज, हवा में उड़कर दूसरी दुकान में पहुंची चिंगारी; कपड़े हुए खाक

Published: Sat, 21 Nov 2026 10:55 AM (IST)

नारनौल के महावीर मार्ग पर दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया गया कागज हवा में उड़कर पड़ोस की रेडिमेड कपड़ों की दुकान में जा गिरा, जिससे आग लग गई। दमकल विभाग ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया।

दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की गाड़ी रवाना कर दी गई। वीडियो ग्रैब

दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की गाड़ी रवाना कर दी गई। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. नजर उतारने के लिए जलाया कागज बना आग का कारण।

  2. हवा में उड़कर पड़ोसी रेडिमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग।

  3. दमकल ने आधे घंटे में आग पर पाया काबू, हजारों का नुकसान।

जागरण संवाददाता, नारनौल। दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया गया कागज हवा के साथ उड़कर पड़ोस की दुकान में पहुंच गया। देखते ही देखते कागज ने रेडिमेड कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान से धुआं उठने लगा। शनिवार सुबह नारनौल के मुख्य बाजार महावीर मार्ग पर हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा सामान जल गया और दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ।

कपड़ों के चलते आग तेजी से फैली

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे महावीर मार्ग पर एक दुकानदार ने अपनी दुकान खोली थी। दुकान खोलने के बाद उसने पूजा-पाठ किया। इसके बाद दुकान के बाहर नजर उतारने के लिए कागज जलाए गए। इसी दौरान जलता हुआ कागज हवा के साथ उड़कर पास की रेडिमेड कपड़ों की दुकान के अंदर जा पहुंचा। दुकान में कपड़े और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया

दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों ने संबंधित दुकानदार को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे दुकानदार ने आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी। मुख्य बाजार में आग लगने की सूचना पर नगर परिषद के दमकल केंद्र से गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।

धुएं का गुबार देख बाजार में जुटी भीड़

मुख्य बाजार में सुबह-सुबह दुकान से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। आग की सूचना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

आसपास के दुकानदार महेंद्र, ललित, सुरेंद्र और अमित ने बताया कि शनिवार को कई लोग सुबह और शाम दुकान की नजर उतारने की परंपरा निभाते हैं। इसी दौरान जलाया गया कागज हवा के साथ उड़कर दूसरी दुकान में चला गया और आग लग गई। हालांकि घटना को लेकर किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा: नारनौल में NH-11 के पुल से नीचे गिरी महिंद्रा SUV, नवविवाहित जोड़ा समेत 5 लोग घायल

यह भी पढ़ें- नारनौल में BLO को दिया गया विशेष प्रशिक्षण, ड्राफ्ट मतदाता सूची से कटे नामों का घर-घर होगा पुनः सत्यापन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।