विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़: बोलेरो कैंपर में आए बदमाशों ने होटल पर की फायरिंग, रॉड-डंडों से तोड़फोड़; CCTV में कैद हुई वारदात

By Vipin SinghEdited By: Shraddha Pandey
Published: Wed, 25 Nov 2026 11:05 AM (IST)

महेंद्रगढ़ के गांव कूकसी स्थित एक होटल पर देर रात बुलेरो कैंपर सवार युवकों ने फायरिंग कर तोड़फोड़ की। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

HighLights

  1. कूकसी गांव के होटल पर देर रात फायरिंग हुई।

  2. बुलेरो कैंपर सवार युवकों ने होटल में तोड़फोड़ की।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर रही है।

जागरण संवाददाता, नारनौल। गांव कूकसी स्थित एक होटल पर मंगलवार देर रात अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। बुलेरो कैंपर में सवार होकर पहुंचे तीन से चार युवकों ने होटल पर फायरिंग की। इसके बाद लोहे की राड और डंडों से होटल में जमकर तोड़फोड़ की।

हमलावरों ने बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी नहीं बख्शा और उसके शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक बुलेरो कैंपर में सवार होकर फरार हो गए। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

सूचना मिलने पर सदर थाना महेंद्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद किए हैं।

क्या था पूरा मामला?

होटल मालिक गांव डेरोली निवासी उदय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव कूकसी में सांवलिया सेठ नाम से होटल संचालित किया हुआ है। मंगलवार रात करीब सवा 11 बजे वह होटल के कार्यालय में बैठा था, जबकि कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे।

इसी दौरान एक बुलेरो कैंपर में सवार होकर तीन से चार युवक होटल पर पहुंचे। युवकों ने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से होटल में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सभी ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया।

फायरिंग के बाद राड और डंडों से किया हमला

उदय सिंह के अनुसार, फायरिंग करने के बाद युवकों ने होटल के कार्यालय और अन्य स्थानों पर लोहे की राड व डंडों से तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने होटल में लगे शीशे तोड़ दिए।

इसके बाद बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए। कुछ देर तक उत्पात मचाने के बाद सभी युवक उसी बुलेरो कैंपर में बैठकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना के तुरंत बाद होटल मालिक ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को होटल परिसर से एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल मिले। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाई गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

दो युवकों पर जताया शक, लेकिन रंजिश से किया इनकार

होटल मालिक उदय सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव शहरपुर और गांव खालड़ा निवासी युवक पहले होटल पर आते-जाते थे। उनके साथ कुछ अन्य युवक भी आते थे। उदय सिंह ने आशंका जताई कि इन्हीं युवकों और उनके साथ आए अन्य लोगों ने वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।

हालांकि, होटल मालिक का कहना है कि उसका किसी के साथ कोई विवाद या पुरानी रंजिश नहीं है। ऐसे में देर रात होटल पर फायरिंग और तोड़फोड़ करने के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- नारनौल: किरायेदार रखने से पहले जरूर कराएं पुलिस वेरिफिकेशन, लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों पर होगी कार्रवाई

यह भी पढ़ें- नारनौल: संकट के समय खुद को और दूसरों को कैसे बचाएं, SDRF जवानों ने छात्रों को दिए टिप्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।