रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें, अतिक्रमण और अव्यवस्था से राहगीर परेशान
कनीना बस स्टैंड पर रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर जाम एक दैनिक समस्या बन गया है, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी होती है।

कनीना बस स्टैंड पर जाम के कारण वाहनों की कतारें। जागरण
HighLights
कनीना बस स्टैंड पर रोजाना लग रहा लंबा ट्रैफिक जाम।
दुकानों के अतिक्रमण से सड़क हुई संकरी, आवागमन बाधित।
यातायात व्यवस्था संभालने को पुलिस की नियमित तैनाती नहीं।
संवाद सहयोगी, कनीना (महेंद्रगढ़)। कनीना बस स्टैंड पर जाम अब रोजमर्रा की समस्या बन गया है, लेकिन जिम्मेदारों के पास इसका समाधान निकालने की फुर्सत नहीं है। रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर आए दिन वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं।
हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को निकलने में मशक्कत करनी पड़ती है और पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद न तो यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती है और न ही अतिक्रमण के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई दिखाई दे रही है।
अतिक्रमण ने सड़क की चौड़ाई की कम
बस स्टैंड के आसपास दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण ने सड़क की चौड़ाई कम कर दी है। पहले से व्यस्त मार्ग पर वाहनों का दबाव और अतिक्रमण मिलकर जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। सवाल यह है कि जब समस्या रोजाना सामने आ रही है तो प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा।
स्थानीय नागरिक डॉ. अजीत शर्मा, सुनील, दिनेश और महेश का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात के कारण आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उन्होंने मांग की कि बस स्टैंड पर नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती हो, दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया जाए और यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए।