विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार-जयपुर रोडवेज बस में कंडक्टर के बैग से मिला अवैध कट्टा, डायल 112 पर मिली सूचना; यात्रियों में मचा हड़कंप

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:16 AM (IST)

नारनौल में हिसार-जयपुर रोडवेज बस के कंडक्टर के बैग से अवैध कट्टा बरामद हुआ, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें

HighLights

  1. हिसार-जयपुर बस में परिचालक के पास मिला अवैध कट्टा।

  2. डायल 112 की सूचना पर पुलिस ने बस को रोका।

  3. परिचालक को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज।

जागरण संवाददाता, नारनौल। हिसार से जयपुर जा रही एक रोडवेज बस में शुक्रवार रात बस परिचालक के पास अवैध हथियार दिखाई देने पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। एक यात्री ने इसकी सूचना डायल 112 पर दे दी। पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई और तलाशी ली तो कंडक्टर के बैग से अवैध हथियार बरामद हो गया।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

पुलिस ने आरोपित परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच के अनुसार परिचालक हिसार से अवैध हथियार राजस्थान में किसी को सप्लाई करने के मकसद से लाया था। हालांकि पूरी जांच होने के बाद ही पूरी सच्चाई का पता चल सकेगा।

पेट्रोल पंप के पास बस को रुकवा लिया

हुआ यूं कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि बस में एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना मिलते ही नारनौल पुलिस की गाड़ियों ने रोडवेज बस का पीछा किया और सिंघाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बस को रुकवा लिया। पुलिस ने तुरंत बस की तलाशी शुरू कर दी।

हथियार सप्लाई करने का मामला

इसी दौरान कंडक्टर के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें अवैध कट्टा मिला। पुलिस ने तुरंत आरोपित परिचालक को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस थाने में ले गई। पुलिस आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक जांच में हथियार सप्लाई करने का मामला नजर आ रहा है। हालांकि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- नारनौल में चल रहा मिलावट का खेल, ₹100 किलो बिक रहा नकली पनीर; सेहत से खिलवाड़ पर उठे सवाल

यह भी पढ़ें- अपनों को खोने का दर्द, ऊपर से फाइलों का चक्कर... हरियाणा के नारनौल में 100 से अधिक हिट एंड रन पीड़ित मुआवजे को तरसे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।