विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल में नमी सूखने पर गेहूं का वजन 1200 क्विंटल हुआ कम, आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों को नोटिस; करेगा कौन भरपाई?

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:33 PM (IST)

रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में रबी सीजन 2026-27 के दौरान 1200 क्विंटल गेहूं सूखने से कम हो गया है, जिस पर ...और पढ़ें

रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में रबी सीजन 2026-27 के दौरान अप्रैल माह में की गई गेहूं की खरीद में से 1200 क्विंटल गेहूं सूख कर कम हो गया है। एआई इमेज

रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में रबी सीजन 2026-27 के दौरान अप्रैल माह में की गई गेहूं की खरीद में से 1200 क्विंटल गेहूं सूख कर कम हो गया है। एआई इमेज

HighLights

  1. रबी सीजन 2026-27 में 1200 क्विंटल गेहूं कम हुआ।

  2. वेयरहाउस कार्पोरेशन ने आढ़तियों, ट्रांसपोर्टरों को वसूली नोटिस दिए।

  3. आढ़तियों ने अवैध वसूली, वित्तीय गबन के आरोप लगाए।

बलवान शर्मा, नारनौल। रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में रबी सीजन 2026-27 के दौरान अप्रैल माह में की गई गेहूं की खरीद में से 1200 क्विंटल गेहूं सूख कर कम हो गया है। इस कमी को पूरा करने के लिए जहां एक और हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन ने आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों पर वसूली के नोटिस जारी कर दिए हैं। वहीं, आढ़तियों व उठान ठेकेदारों ने अधिकारियों पर इस वसूली को अवैध बताते हुए वित्तीय गबन के संगीन आरोप लगाए हैं।

अधिकारी इसका क्या खामियाजा भुगतेंगे?

अनाज मंडी सतनाली व कनीना में 19-19 क्विंटल गेहूं सूखकर स्टाक से कम हो गया है, वहीं कोसली मंडी में 1154 क्विंटल गेहूं कम हो गया है। वेयरहाउस के अधिकारियों ने आरोप निराधार बताए हैं। उनका कहना है कि सरकार ने 13 से 14 प्रतिशत तक नमी वाला गेहूं खरीद लिया गया था, जो बाद में सूख गया। इस वजह से आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों से कटौती राशि की वसूली की गई है। ऐसे में अधिकारी कैसे इसका खामियाजा भुगतें।

प्रति बैग तीन रुपये के हिसाब से अवैध वसूली की

आरोप है कि रबी सीजन 2026-27 के दौरान अनाज मंडी कोसली में कुल 29 कमीशन एजेंटों (आढ़तियों) के माध्यम से किसानों से 2 लाख 98 हजार 829 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई थी। आरोप है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान आढ़तियों को गेहूं गीला, खराब या कट्टे कटे-फटे होने का डर दिखाकर प्रति बैग तीन रुपये के हिसाब से अवैध वसूली की गई।

वसूली के बाद ही शेष राशि ट्रांसफर की

इतना ही नहीं, भंडारण (स्टोरेज) के समय भी कम वजन और नमी का बहाना बनाकर प्रति ट्रक पांच हजार रुपये ऐंठे गए। इस प्रकार लगभग 150 ट्रकों से भारी वसूली की गई। इसके अलावा खरीद के अतिरिक्त करीब 900 बैग गेहूं नमी के नाम पर जबरन जमा कराए गए । आरोप है कि 2 जुलाई 2026 को भुगतान प्रक्रिया के दौरान 1154 क्विंटल गेहूं में नमी और कमियां दिखाकर आढ़तियों के खातों में कटौती की गई और वसूली के बाद ही शेष राशि हस्तांतरित की गई।

उठान ठेकेदारों को भी लगाई कटौती

श्री श्याम रोड लाइंस, महेंद्रगढ़ के साझेदार बाबूलाल शर्मा ने हरियाणा राज्य भंडारण निगम के पंचकूला स्थित सचिव को पत्र भेजकर जिला प्रबंधक रेवाड़ी व नारनौल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार वर्ष 2025-26 में अनाज मंडी सतनाली और कनीना में सरसों व गेहूं के उठान का टेंडर लिया था। डीएफएससी नारनौल और वेयरहाउस विभाग द्वारा 20 मई 2026 को बाकायदा यह लिखित पुष्टि की गई थी कि ठेकेदार पर उठान का कोई बकाया नहीं है और सिक्योरिटी राशि लौटाई जा सकती है।

कटौती को अवैध बताया

इसके बावजूद 14 अगस्त 2026 को ठेकेदार के वर्ष 2025-26 और 2026-27 के कुल 37 लाख 86 हजार 927 रुपये के बिलों में से शाॅर्टेज (कमी) दिखाकर 17 लाख 43 हजार 194 रुपये की भारी-भरकम कटौती कर ली गई और खाते में महज 19 लाख 73 हजार 527 रुपये ही डाले गए। उन्होंने इस कटौती को अवैध बताया है।

कोसली मंडी में 1154 क्विंटल गेहूं सूख गया। यह गेहूं आढ़ती और हमारा सूख गया है। अब शार्टेज को कौन भुगतेगा। इसलिए आढ़तियों को ही यह भुगतान करना होगा। हमने सरकार को नमी का कट प्रतिशत की रिपोर्ट भेजी थी। इसके तहत सरकार ने 2950 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कटौती की गई है। एफसीआइ को स्टाक उठाना है। शाॅर्टेज की वजह से हमारे ऊपर 3400 से 3500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से रिकवरी होगी। एक कर्मचारी कहां से कवर करेगा।

-जगदीश बांगर, परचेजर, वेयरहाउस काॅरपोरेशन।

12 प्रतिशत नमी तक खरीद की जाती है। इससे ज्यादा 12.1 से 14 प्वाइंट तक खरीद सकते हैं। इससे अधिक नमी होने पर खरीद नहीं की जाती है। 12.1 से अधिक नमी होने पर प्रति प्वाइंट पर एक किलो जिन्स की कटौती कटती है। सतनाली और कनीना में हमने कोई कटौती नहीं डाली।

-राजेश तंवर, सतनाली में तत्कालीन परचेजर, वेयरहाउस काॅरपोरेशन।

यह भी पढ़ें- 'बस खराब नहीं, गांव पास था', नारनौल की जगह कुंड में रोकी बस तो GM ने लिया एक्शन; ड्राइवर-कंडक्टर सस्पेंड

यह भी पढ़ें- नारनौल में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू; गर्मी से मिली राहत