विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा-NCR में अभी ठंड का इंतजार, 13 से 15 नवंबर तक बदलेगा मौसम; प्रदूषण से मिल सकती है राहत

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:36 AM (IST)

हरियाणा एनसीआर में अभी तक ठंड का असर नहीं दिखा है, वहीं नारनौल में AQI खराब श्रेणी में है। 13 ...और पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों स्मॉग के चलते वायु गुणवत्ता बहुत खराब हो गई है। प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों स्मॉग के चलते वायु गुणवत्ता बहुत खराब हो गई है। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. हरियाणा एनसीआर में ठंड का इंतजार जारी है।

  2. नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 दर्ज।

  3. पश्चिमी विक्षोभ से प्रदूषण में सुधार की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, नारनौल। नवंबर का आधा महीना बीतने को है, लेकिन नारनौल सहित हरियाणा एनसीआर में अभी तक ठंड ने अपना असर नहीं दिखाया है। दिन के तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं, जबकि रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। दूसरी ओर वायु प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा रखी है। बुधवार शाम पांच बजे नारनौल का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।

तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा

हालांकि, मौसम में आने वाले बदलाव से प्रदूषण के स्तर में सुधार की उम्मीद जगी है। मौसम विशेषज्ञ डाॅ. चंद्रमोहन के अनुसार हरियाणा एनसीआर दिल्ली में नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर शुष्क बना हुआ है। किसी सक्रिय मौसम प्रणाली का विशेष प्रभाव नहीं होने के कारण ठंड के तेवर अभी कमजोर हैं। हवाओं की दिशा और गति में लगातार बदलाव से दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यही स्थिति वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी बनी हुई है।

13 से 15 नवंबर तक बदलेगा मौसम का मिजाज

डाॅ. चंद्रमोहन ने बताया कि 13-14 नवंबर की रात उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में इसका असर सीमित रहेगा। हरियाणा एनसीआर में 13 से 15 नवंबर तक बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी सहित राजस्थान से सटे जिलों में 14-15 नवंबर को तेज गति की हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

बूंदाबांदी से प्रदूषण में सुधार की उम्मीद

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ से जिले में व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। मौसम प्रणाली के आगे निकलने के बाद हवाओं की गति और मौसम की स्थिति में बदलाव आएगा। इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होने की उम्मीद है। बुधवार को नारनौल का एक्यूआइ 231 रहा, जबकि आठ नवंबर को यह 342 और नौ नवंबर को 305 तक पहुंच गया था। 10 नवंबर को इसमें सुधार के साथ यह 228 दर्ज किया गया था।

फिलहाल ठंड के लिए करना होगा इंतजार

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद दिन और रात के तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें- 10 थैलियों पर एक ही सीरियल नंबर, नारनौल में ब्रांडेड सरसों बीज के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा; जांच में उड़े होश

यह भी पढ़ें- भाईदूज के दिन नारनौल बस स्टैंड पर बसों की किल्लत, दिल्ली-गुरुग्राम रूट पर यात्रियों का हंगामा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।