विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 थैलियों पर एक ही सीरियल नंबर, नारनौल में ब्रांडेड सरसों बीज के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा; जांच में उड़े होश

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:52 PM (IST)

नारनौल के चिंडालिया गांव में किसानों के साथ नकली सरसों बीज बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। एक किसान ...और पढ़ें

नकली सरसों बीज के पैकेट दिखाते शिकायतकर्ता।

नकली सरसों बीज के पैकेट दिखाते शिकायतकर्ता।

HighLights

  1. किसान ने नकली सरसों बीज की 10 थैलियों की शिकायत की।

  2. सभी थैलियों पर एक ही लाट और सीरियल नंबर मिला।

  3. कृषि अधिकारी मामले की जांच कर रहे, कार्रवाई का आश्वासन।

बलवान शर्मा, नारनौल। नारनौल के ग्राम चिंडालिया में किसानों के साथ धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के ही एक किसान ने स्थानीय बीज भंडार पर पायोनियर वैरायटी की नकली सरसों का बीज बेचने और पक्का बिल न देने का आरोप लगाते हुए जिला कृषि अधिकारी को लिखित शिकायत दी है।

किसान ने दस थैलियां कृषि अधिकारियों के सामने प्रस्तुत की, जिन पर एक ही लॉट और सीरियल नंबर लिखा हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसी काफी संख्या में थैलियों में सरसो बेची जा रही है। अधिकारियों ने आरोपित बिज विक्रेता को भी बुधवार को कृषि उपनिदेशक कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की।

आरोपी बोला- नहीं दी थैलियां

इस दौरान आरोपित ने कहा कि उक्त थैलियां उसने नहीं दी हैं, जबकि आरोपित द्वारा दिए गए बिल में उक्त थैलियों में डाले गए बिज की वैरायटी का नंबर ही लिखा हुआ था। आरोपित ने दलील दी कि उसने जोश-जोश में उक्त नंबर लिख दिया।

कृषि अधिकारियों ने संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुला लिया और बिज के असली या नकली की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कंपनी प्रतिनिधियों ने सोमवार तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है। उधर कृषि अधिकारी भी इस घटना के बाद इस बात को लेकर चिंतित दिखाई दिए कि यदि नकली बीज मार्केट में बिक रहा है तो जिले भर में छापेमार कार्रवाई करने की रणनीति पर विचार शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंचे एडवोकेट सतेन्द्र सिंह ने कहा कि यह तो किसान के साथ धोखाधड़ी है।

एक ही जैसे लॉट और सीरियल नंबर की निकलीं 10 थैलियां

जिला कृषि अधिकारी को दी गई शिकायत में ग्राम चिंडालिया निवासी नरेन्द्र उर्फ मुन्ना (पुत्र अभेराम) ने बताया कि वह बटाई (माल) पर जमीन लेकर खेती का काम करता है। उसने अपनी और अन्य किसानों की जमीन पर सरसों की बिजाई के लिए एक नवंबर 2026 को गांव के ही बीज भंडार' से उधार सरसों का बीज खरीदा था।

पीड़ित किसान के अनुसार, उसने पायनियर-45एस-46 वैरायटी की कुल 10 थैलियां खरीदी थीं, जिनका भुगतान उसने नौ नवंबर 2026 को बिल नंबर 602 के जरिए आनलाइन कर दिया था। जब बिजाई के बाद उसने उन थैलियों की जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

सभी 10 थैलियों पर एक ही नंबर, एक ही तारीख, एक ही लॉट और सीरियल नंबर (क्यू.पी.25एस1046, दिनांक 10/08/2026, वेलिड 09/02/2027, लेबल नंबर 2260470726) छपा हुआ था। जबकि नियमानुसार सभी थैलियों के नंबर अलग-अलग होने चाहिए थे।

कार्रवाई और फसल के मुआवजे की मांग

किसान नरेन्द्र ने जिला कृषि उपनिदेशक से मांग की है कि उक्त बीज भंडार के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसकी खराब हुई फसल का मुआवजा संबंधित बीज भंडार से दिलाया जाए।

आरोपित बीज भंडार के संचालक अनिल लांबा ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसान को उसने दूसरी वैरायटी का बीज दिया था। उक्त थैलियां वह कहां से लाया है, उसे जानकारी नहीं है।

हालांकि उसके द्वारा दिए गए बिल में लिखे गए वैरायटी नंबर को लेकर उसने कहा कि वह जोश-जोश में लिख गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा लेन-देन कैद है, जिसकी फुटेज अधिकारियों को उपलब्ध करवाकर अपनी बात को सही साबित कर दूंगा।

मामला गंभीर है। इसकी जांच की जा रही है। आरोपित बीज भंडार संचालक की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित कंपनी से थैलियों की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-मनमित सिंह, एसडीओ, कृषि विभाग

हम मामले की जांच कर रहे हैं । यदि नकली बीज बिक रहा है तो जिले भर में छापेमारी की जाएगी। आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-नेहा चौधरी, कृषि उपनिदेशक

यह भी पढ़ें- किसानों को रबी फसलों के बीजों पर मिलेगा 50% अनुदान, ऐसे करें योजना के लिए आवेदन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।