किसानों को रबी फसलों के बीजों पर मिलेगा 50% अनुदान, ऐसे करें योजना के लिए आवेदन
कानपुर देहात में रबी सीजन के लिए किसानों को गेहूं, चना, मटर, मसूर और राई-सरसों के प्रमाणित बीजों पर 50% तक अनुदान मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
रबी सीजन के बीजों पर 50% तक अनुदान।
गेहूं, चना, सरसों सहित कई बीज उपलब्ध।
कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। रबी सीजन में बोआई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए गेहूं, चना, मटर, मसूर, तोरिया और राई-सरसों के उन्नत बीज अनुदान पर उपलब्ध हैं। किसानों को प्रमाणित बीजों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ मिलेगा।
यह बात जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर आनलाइन बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के बाद चयनित किसानों को राजकीय बीज गोदामों से बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
रबी सीजन 2026-27 के लिए बीज वितरण का लक्ष्य
156.4 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 152 क्विंटल राई-सरसों, 11832 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 3445.8 क्विंटल गेहूं, 331.92 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 331.92 क्विंटल चना, 17.6 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 17.6 क्विंटल मटर, 26 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 24.32 क्विंटल मसूर की उपलब्धता जिले में है।
साथ ही मिनीकिट के रूप में निश्शुल्क बांटे जाने वाले बीज में राई सरसों की मिनीकिट 14500 पैकेट उपलब्ध है, जिसकी बुकिंग प्रारंभ है। उन्होंने जिले के किसानों से अधिक से अधिक बुकिंग कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
बुकिंग के बाद चयन की जानकारी संदेश के माध्यम से किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। साथ ही किसान संबंधित ब्लाक के राजकीय बीज गोदाम पर पहुंचकर पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज ले सकेंगे।
यह भी पढ़ें- आलू की खेती में बंगाल ज्योति, पोखराज और चंद्रमुखी किसानों की पसंद; मगर मुनाफे की भी सता रही चिंता
