विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आश्वासन नहीं, समय पर भुगतान चाहिए', राशि अटकने और बाजरा खरीद न होने पर किसान नेता ने सरकार को घेरा

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:08 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 09:11 AM (IST)

हरियाणा के किसानों को भावांतर भरपाई योजना की राशि और बाजरा खरीद में देरी का सामना करना पड़ रहा है। 

किसान नेता एवं समाजसेवी वीरेंद्र लांबा। फाइल फोटो

किसान नेता एवं समाजसेवी वीरेंद्र लांबा। फाइल फोटो

संवाद सहयोगी, मंडी अटेली (महेंद्रगढ़)। बाजरा खरीद और भावांतर भरपाई योजना के भुगतान को लेकर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। किसान नेता एवं समाजसेवी वीरेंद्र लांबा ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के खातों में अब तक भावांतर राशि नहीं पहुंची है, जबकि किसानों को इसका भुगतान काफी पहले हो जाना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री स्वयं 15 नवंबर के बाद भावांतर राशि किसानों के खातों में डालने की बात कह रहे थे, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी किसानों को भुगतान नहीं मिला है। ऐसे में किसान अपने खातों में राशि आने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार की ओर से भुगतान की समय सीमा बताई गई थी तो अब तक राशि जारी क्यों नहीं की गई? वीरेंद्र लांबा ने बाजरा खरीद व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसल बेचने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया हुआ है, उनमें से कई किसानों का बाजरा अभी तक नहीं खरीदा गया है।

मंडियों के चक्कर काट रहे किसान

किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान अपनी फसल तैयार करने में दिन-रात मेहनत करता है, वहीं दूसरी तरफ उपज बेचने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए उसे इंतजार करना पड़ रहा है।

सरकार को चाहिए कि लंबित बाजरा खरीद प्रक्रिया को जल्द पूरा करवाए और पात्र किसानों के खातों में भावांतर राशि तुरंत जारी करे। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर भुगतान और उनकी फसल की खरीद की जरूरत है। सरकार को इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।

यह भी पढ़ें- नारनौल में दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया कागज, हवा में उड़कर दूसरी दुकान में पहुंची चिंगारी; कपड़े हुए खाक

यह भी पढ़ें- हरियाणा: नारनौल में NH-11 के पुल से नीचे गिरी महिंद्रा SUV, नवविवाहित जोड़ा समेत 7 लोग घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।