कुरुक्षेत्र में जमानत पर बाहर आए दो आरोपी, फिर करने लगे भ्रूण लिंग जांच; पुलिस अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ पकड़ा
कुरुक्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने भ्रूण लिंग जांच के आरोप में दो जमानत पर बाहर आए आरोपियों को फिर से गिरफ्तार किया। सेक्टर 30 में एक घर में जांच करने के बाद निकलते समय उन्हें पकड़ा गया। उनके पास से 30 हजार रुपये और एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद हुई। आरोपितों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं और वे जमानत पर बाहर थे।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। जमानत पर बाहर आए दो आरोपितों को जिला स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को भ्रूण लिंग जांच के आरोप में फिर पकड़ लिया। सेक्टर 30 में एक घर में भ्रूण लिंग जांच करने के बाद निकले तो पार्क के पास से दोनों को पकड़ लिया।
उनसे निशान लगे 30 हजार रुपये और एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई है। आरोपित दलाल कुरुक्षेत्र के गांव हंसाला निवासी सुखदेव के खिलाफ पीसीएंड पीएनडीटी में कुरुक्षेत्र में ही पहले दो और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित गांव नौरंगपुर निवासी आकाश पर दो केस कुरुक्षेत्र और एक केस उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं।
दोनों ही जमानत पर बाहर आए हुए थे। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभ्रवाल ने बताया कि जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह को सूचना मिली थी कि एक गिरोह कुरुक्षेत्र में गर्भ में भ्रूण लिंग जांच का काम कर रहा है। इसके बाद डॉ. ऋषि सैनी के नेतृत्व में राजीव, अभिमन्यु, अभिनव और कृष्ण की टीम गठित की गई।
टीम एक डिकोय को दलाल के संपर्क में लेकर आई। आरोपित दलाल सुखदेव ने डिकोय से गर्भ में भ्रूण लिंग जांच को लेकर 30 हजार रुपये की डिमांड की और कहा कि वह रविवार को डॉक्टर को सुबह 11 बजे उसी के घर पर लेकर पहुंच जाएगा।
आरोपित दलाल सुखदेव आकाश को अल्ट्रासाउंड करने के लिए सवा 11 बजे डिकोय के घर पर लेकर पहुंच गया और यहां पोर्टेबल मशीन के साथ उसका गर्भ में भ्रूण लिंग जांच की। अल्ट्रासाउंड करने के बाद डिकोय को लड़का होना बताया गया।
अल्ट्रासाउंड करने के बाद जैसे ही दोनों घर के बाहर निकले तो टीम ने इशारा मिलते ही आरोपितों को पकड़ लिया। आरोपित कुरुक्षेत्र के गांव हंसाला निवासी सुखदेव के पास से 30 हजार रुपये नकदी बरामद हुई, जबकि उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर स्थित गांव नौरंगपुर निवासी आकाश के बैग से पोर्टेबल मशीन मिली है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।