कुरुक्षेत्र: शाहाबाद में मकान की छत गिरने से दो भाइयों का दर्दनाक अंत, चार घायल
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में बुधवार सुबह एक मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो भाइयों की मृत्यु हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान संदीप और कुलदीप के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये सभी लोग एक सप्ताह पहले काम करने आए थे।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। शाहाबाद में बुधवार सुबह एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के शहर प्रयागराज स्थित हंडिया निवासी 40 वर्षीय संदीप और 39 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। घायलों को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बुधवार सुबह करीब छह बजे शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि इस मकान में कुल सात लोग सो रहे थे।
इनमें से एक व्यक्ति उठकर बाथरूम चला गया, जिसके बाद छह लोगों के ऊपर छत गिर गई। आसपास के लोगों ने घायलों को मलबे से निकालकर शाहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने संदीप व कुलदीप को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि अनाज मंडी रोड स्थित डेरे के पास यह सभी लोग करीब एक सप्ताह पहले काम करने के लिए आए थे।
जिस मकान में ये सभी लोग ठहरे थे वह कच्चा था। मकान की छत लकड़ी की कड़ियों से बनी थी। शायद लगातार भारी बरसात होने के कारण इस मकान की छत गिर गई।
घायल बिहार के जिला समस्तिपुर के गांव नाहपुर निवासी 36 वर्षीय सुरेंद्र ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, वह सब सो रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।