गैर शिक्षक कर्मचारियों के खाते में पहुंचा तीन साल पहले काटा गया वेतन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने गैर शिक्षक कर्मचारियों का हड़ताल के चलते काटा गया सात दिन का वेतन जारी कर दिया है। तीन साल बाद कटा हुआ वेतन जारी होने पर कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
- कुंटिया ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा और कुलसचिव डा. संजीव शर्मा का जताया आभार जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन ने गैर शिक्षक कर्मचारियों का हड़ताल के चलते काटा गया सात दिन का वेतन जारी कर दिया है। तीन साल बाद कटा हुआ वेतन जारी होने पर कर्मचारियों में खुशी की लहर है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ (कुंटिया) इस काटे गए वेतन को जारी करने के लिए लगातार प्रशासन से मांग कर रहा था। इस मांग के पूरी होने पर कुंटिया प्रधान रामकुमार गुर्जर सहित कार्यकारिणी ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव डा. संजीव शर्मा का आभार जताया है।
कुंटिया प्रधान रामकुमार गुर्जर ने बताया कि कुवि प्रशासन की ओर से साल 2019 में आंदोलन के दौरान करीब 1280 गैर शिक्षक कर्मचारियों का सात दिन का वेतन काट लिया था। वेतन काटे जाने के बाद से ही कुंटिया कर्मचारियों का वेतन जारी करने की मांग कर रही थी। कुंटिया की ओर से अपने मांग पत्र में इस मांग को प्रमुखता से रखा गया था। कुंटिया की मांग पर कुवि प्रशासन ने इसे जारी करने पर सहमति जता दी थी, लेकिन अभी तक इसे जारी नहीं किया जा सका था। प्रधान रामकुमार गुर्जर व महासचिव अनिल लोहट सहित अन्य पदाधिकारी लगातार इस मांग को लेकर अधिकारियों के संपर्क में थे। पिछले सप्ताह भर से इसके जारी होने की उम्मीद तेज हो गई थी। लेकिन कई दिनों की छुट्टियों और बजट के चलते इसमें अड़चन आ रही थी। बजट की अड़चन के चलते कुवि प्रशासन ने बीच का रास्ता निकालते हुए पहले पांच हजार रुपये तक की राशि को जारी कर दिया है। इसके जारी होते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर है। कुंटिया पदाधिकारियों ने मांग पूरी होने पर खुशी मनाई है। कुंटिया प्रधान रामकुमार गुर्जर, महासचिव अनिल लोहट, सहसचिव रुपेश खन्ना, वरिष्ठ उपप्रधान विक्रम, उपप्रधान कर्मवीर, पूर्व महासचिव भारत भूषण, कर्मचारी नेता संत कुमार ने भी कुवि प्रशासन का आभार जताया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।