Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में विदेश मंत्रालय की एंट्री, 40 देशों के दूतावास में होंगे कार्यक्रम

    Updated: Sat, 20 Sep 2025 02:41 PM (IST)

    कुरुक्षेत्र में इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में विदेश मंत्रालय की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मंत्रालय ने महोत्सव को एसोसिएट करने का निर्णय लिया है जिसकी शुरुआत बाली में आयोजित समारोह से हुई। 25 स्कालर्स और आठ देशों के क्राफ्ट्समैन भाग लेंगे। 40 देशों के दूतावासों में कार्यक्रम होंगे और विदेशी दूतावासों को निमंत्रण भेजा गया है।

    Hero Image
    ब्रह्मसरोवर, जिसके तट पर हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मनाई जाती है

    जीतेंद्र सिंह जीत, कुरुक्षेत्र। इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में विदेश मंत्रालय की भागीदारी एक महत्वपूर्ण पहल है। विदेश मंत्रालय ने इस महोत्सव को एसोसिएट करने का निर्णय लिया है, और इसकी रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हाल ही में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से बाली में आयोजित गीता जयंती समारोह में विदेश मंत्रालय के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिससे इस महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। विदेश मंत्रालय की इस महोत्सव में भागीदारी के तहत बाली में विदेश मंत्रालय की सचिव साउथ नीना मल्होत्रा और ज्वाइंट सेक्रेटरी अंजू रंजन ने केडीबी अधिकारियों के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है।

    इसके अतिरिक्त, विदेश मंत्रालय के माध्यम से 25 स्कालर्स भी इस बार गीता जयंती में शामिल होंगे। 40 देशों के दूतावास में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेमिनार शामिल हैं। इसके साथ ही, विदेश मंत्रालय ने भारत में विदेशी दूतावासों को भी गीता जयंती के लिए निमंत्रण भेजा है, जिससे कुरुक्षेत्र में विदेशी पर्यटकों और वीआइपी मेहमानों की उपस्थिति बढ़ने की संभावना है।

    मंत्रालय ने आठ देशों के क्राफ्ट्समैन को भी आमंत्रित किया है, जो अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आएंगे। इन क्राफ्ट्समैन के लिए केडीबी द्वारा 25 स्टाल रिजर्व रखे गए हैं।

    उपेंद्र सिंघल, मानद सचिव, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, कुरुक्षेत्र ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में इस बार विदेश मंत्रालय की सहभागिता रहेगी। बाली दौरे में भी मंत्रालय के दो वरिष्ठ अधिकारी साथ गई थी। केडीबी अधिकारियों की विदेश मंत्रालय के साथ बाली दौरे से पहले बैठक हुई थी। उसमें बाली दौरे के अलावा महोत्सव को लेकर रणनीति बनाई गई थी। हमने विदेशी क्राफ्ट्समैन के लिए 25 स्टाल रिजर्व रखी हैं। इसके अलावा विदेशों में एंबेसी में होने वाले गीता जयंती आयोजनों को लेकर तय कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। 

    इस बार गीता जयंती महोत्सव का आयोजन 21 दिनों तक चलेगा। इससे पहले यह महोत्सव 18 दिन तक चलता था। इस बार महोत्सव 15 नवंबर से शुरू होकर पांच दिसंबर तक चलेगा। इस बार विदेश मंत्रालय की एंट्री से कार्यक्रम बेहद खास होगा। मध्य प्रदेश को स्टेट पार्टनर बनाया गया है। महोत्सव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। पिछले वर्ष उपराष्ट्रपति, पांच राज्यों के राज्यपाल, हरियाणा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और चार केंद्रीय मंत्री गीता महोत्सव में उपस्थित रहे थे।

    इस बार बजट साढ़े छह करोड़ रखा गया, बढ़ने की उम्मीद इस वर्ष के महोत्सव के लिए बजट साढ़े छह करोड़ रुपये रखा गया है, जो पिछले वर्ष के साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक है। इस बजट में और वृद्धि की संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महोत्सव में भाग लेने की संभावना है। इसी कारण विदेश मंत्रालय की भागीदारी भी बढ़ी है।

    आरएएफ ने 10 से 14 सितंबर तक जिले की भौगोलिक स्थिति की जांच की थी, और गृह मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में नए कानूनों की समीक्षा बैठक के लिए आ रहे हैं। उनके दौरे के बाद प्रधानमंत्री के दौरे की तिथि की घोषणा की जा सकती है।