गुरुकुल कुरुक्षेत्र लगातार पांचवें वर्ष बना हरियाणा का नंबर वन आवासीय विद्यालय
गुरुकुल कुरुक्षेत्र एजुकेशन वर्ल्ड मैगजीन के वर्ष 2021-22 के सर्वे में लगातार पांचवें वर्ष प्रदेश का नंबर-वन आवासीय विद्यालय चुना गया है।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : गुरुकुल कुरुक्षेत्र एजुकेशन वर्ल्ड मैगजीन के वर्ष 2021-22 के सर्वे में लगातार पांचवें वर्ष प्रदेश का नंबर-वन आवासीय विद्यालय चुना गया है। गुरुग्राम के एक होटल में आयोजित समारोह में गुरुकुल कुरुक्षेत्र को यह सम्मान मिला है। गुरुकुल पिछले चार वर्षो से यह खिताब अपने नाम कर रहा है। अब पांचवें वर्ष भी एजुकेशन वर्ल्ड ने गुरुकुल कुरुक्षेत्र को इस सम्मान से नवाजा गया है। गुजरात के राज्यपाल एवं गुरुकुल के संरक्षक आचार्य देवव्रत ने प्रबंधन और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।
गुरुकुल के प्रधान कुलवंत सिंह सैनी ने स्टाफ सदस्यों में लड्डू बांटकर खुशी को सांझा किया। निदेशक व प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता, सह प्राचार्य शमशेर सिंह को विशेष बधाई दी। निदेशक एवं प्राचार्य कर्नल अरुण दत्ता ने बताया कि एजुकेशन वर्ल्ड एक विश्व स्तरीय मैगजीन है। यह देश-विदेश के स्कूल व कालेजों को उनमें मौजूद मूलभूत सुविधाओं, छात्रों की विभिन्न गतिविधियों और एग्जाम रिजल्ट के आधार पर रैंक देती है। पिछले चार वर्षो से गुरुकुल कुरुक्षेत्र लगातार हरियाणा का नंबर वन आवासीय विद्यालय बना हुआ है और इस वर्ष भी यह खिताब गुरुकुल ने अपने उत्कृष्ट परीक्षा-परिणाम व विभिन्न गतिविधियों के आधार पर अपने नाम किया है।
उन्होंने बताया कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को उत्तम स्वास्थ्य, बाहर के दूषित वातावरण से उनकी सुरक्षा और वैदिक संस्कारों का ज्ञान दिया जाता है। कर्नल दत्ता ने बताया कि गुरुकुल कुरुक्षेत्र देश का एकमात्र ऐसा संस्थान है, जहां एक ही कैंपस में एनडीए, आइआइटी, पीआइएमटी व क्लेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। साथ ही यहां छात्रों को प्राकृतिक खेती से उत्पन्न शुद्ध व सात्विक भोजन, देशी गाय का उच्च गुणवत्ता वाला दूध दिया जाता है। जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। आधुनिक शिक्षा के साथ उन्हें पुरातन वैदिक संस्कृति और संस्कारों की भी शिक्षा दी जाती है। जिससे वे आदर्श नागरिक बनकर अच्छे समाज के निर्माण में सहायक बनें।
परीक्षा परिणामों की बात करें तो पिछले 10 वर्षो में गुरुकुल कुरुक्षेत्र का 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा है और यहां के सभी विद्यार्थी मेरिट में होते हैं। खेल के लिए विशाल मैदान, पूरे कैंपस में सीसीटीवी कैमरा की सुरक्षा, अटल टिकरिग लैब, तीन अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, तीन लाइब्रेरी, शूटिग रेज, हार्स राइडिग, मल्लखंभ और जिम्नास्टिक जैसे खेल, भूकंपरोधी भव्य होस्टल आदि कई विशेषताएं हैं। ये सब गुरुकुल की रैंकिग बढ़ाने वाले हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।