'पंजाब के CM को अहंकार शोभा नहीं देता; सीएम नायब बोले- राजनीति से ऊपर उठकर दें हरियाणा को पानी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पानी के मुद्दे पर राजनीति करने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए और हरियाणा को उसके हिस्से का पानी देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से राज्य के विकास पर चर्चा की और कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत बदल रहा है।

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अहंकार में हैं। उन्हें पीने के पानी को लेकर इस प्रकार की राजनीति शोभा नहीं देती। इन महीनों में तो लोग जगह-जगह पानी पिलाते हैं। इतना ही नहीं हमारे गुरुओं ने भी पीने का पानी पिलाने का संदेश दिया है।
इसके साथ ही पंजाब सरकार को सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट को फैसला को भी स्वीकार करना चाहिए। मेरा पंजाब के मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वो राजनीति से ऊपर उठकर हमारे हिस्सा का पानी प्रदेश को दें।
नायब सिंह सैनी वीरवार को लाडवा में तिरंगा यात्रा के बाद रामकुंडी धर्मशाला के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पीएम से मुलाकात बारे पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रदेश के विकास को लेकर चर्चाएं की, विकास के लिए प्रधानमंत्री ने मार्गदर्शन किया है। प्रदेश के कोने-कोने में विकास हो इसके लिए लिए नए-नए रास्ते खोले हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत कई रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार हो रहा है।
10 वर्षों में दिख रहा बदलता भारत
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में जो कार्य करवाए उनका सभी को पता है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 वर्षों में बदलता भारत दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ असामाजिक तत्व देश व प्रदेश की जानकारी पाकिस्तान को भेजते पाए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है।
मामले में सोशल मीडिया से जुड़े अन्य लोगों की भी बारीकी से जांच करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोकसभा क्षेत्रों, जिलों, उपमंडल स्तर और गांवों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। पूरा देश एकजुट होकर इन तिरंगा यात्राओं में शामिल हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।