Haryana News: तीन घंटे चली बैठक के बाद जगदीश सिंह झींडा को HSGPC की कमान, अकाल पंथक मोर्चा ने किया वॉकआउट
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) की आम सभा में जगदीश सिंह झींडा को अध्यक्ष चुना गया। वोटिंग से इनकार पर अकाल पंथक मोर्चा ने हंगामा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) की शुक्रवार को बुलाई आम सभा में अलग कमेटी की आवाज उठाने वाले जगदीश सिंह झींडा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
एचएसजीएमसी की प्रधानी और कार्यकारिणी गठन को लेकर करीब तीन घंटे चली बैठक में प्रधान की नियुक्ति को लेकर अस्थायी अध्यक्ष की ओर से वोटिंग से इन्कार करते ही अकाल पंथक मोर्चा के सदस्य बैठक छोड़कर बाहर आ गए। उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करने और धक्काशाही के आरोप लगाए।
इसके विरोध में उन्होंने न्यायिक आयोग और अदालत में जाने की बात कही है। वहीं मोर्चा के वाकआउट के बाद गुरमीत सिंह वरिष्ठ उप प्रधान, गुरबीर सिंह को उप प्रधान, अंग्रेज सिंह को महासचिव और बलविंदर सिंह को संयुक्त सचिव नियुक्त किया। करनैल सिंह निम्नाबाद, पलविंदर सिंह दरड़, कुलदीप सिंह मुल्तानी, रूपिंदर सिंह पंजोखरा, जगतार सिंह मान व तजिंदरपाल सिंह को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया है।
कमेटी के अस्थायी सदस्य जोगा सिंह ने बताया कि आम सभा में 49 सदस्यों में से 48 मौजूद रहे। इनमें से एकमात्र सदस्य बीबी जसबीर कौर मसाना अनुपस्थित रही है। बैठक में एचएसजीएमसी सदस्य मेजर सिंह ने प्रधान पद के लिए जगदीश सिंह झींडा के नाम की घोषणा की। दूसरे ग्रुप के थानेसर से सदस्य हरमनप्रीत सिंह ने प्रधान के लिए प्रकाश सिंह साहूवाल का नाम घोषित किया।
इसके बाद मतदान मांग की। अस्थायी अध्यक्ष जोगा सिंह ने बताया कि 30 सदस्यों ने जगदीश सिंह झींडा के प्रधान बनने पर सहमति जताई। वहीं अकाल पंथक मोर्चा ने भी अपने साथ 19 सदस्यों से बैठक छोड़ बाहर आने की बात कही है।
नवनियुक्त प्रधान बोले यह उनके लंबे संघर्ष का परिणाम
नवनियुक्त प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा उन्होंने 22 साल अलग कमेटी के लिए संघर्ष किया है। आज कमेटी सदस्यों ने उनके संघर्ष को देखते हुए सर्वसम्मति से प्रधान बनाया है। एसजीपीसी की पहली कार्यकारिणी भी सर्वसम्मति से बनी थी, आज एचएसजीएमसी की भी पहली कमेटी सर्वसम्मति से बनी है।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने शुरु से ही हरियाणा कमेटी के अस्तित्व में कई बाधा डाली। उन्होंने कहा कि आज सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें कमान सौंपी है।
वह जब तक अध्यक्ष रहेंगे, कमेटी की गाड़ी और ड्राइवर भी नहीं लेंगे। वह पूरी ईमानदारी से सेवा करेंगे। इसके बाद वह एचएसजीएमसी मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने कार्यभार संभाला।
पंथक मोर्चा ने कहा लोकतंत्र की हत्या
बैठक छोड़कर बाहर निकले अकाल पंथक मोर्चा के प्रधान के दावेदार प्रकाश सिंह साहूवाल ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या की गई है। धक्काशाही करते हुए वोटिंग न करवाकर कार्यकारिणी गठित की गई है। उनका वोटिंग का अधिकार बनता है।
उनके साथ 19 सदस्य बैठक छोड़कर बाहर आए हैं। वह इसके विरोध में न्यायिक आयोग और अदालत के पास जाएंगे। हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि अस्थायी अध्यक्ष जोगा सिंह ने पहले वोटिंग पर सहमति जताई थी, इसके बाद किसी से मोबाइल पर बात होने के बाद इनकार कर दिया है। यह सही नहीं है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।