Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाण के युवा निशानेबाज रोहित कन्यान ने कजाकिस्तान में लहराया जीत का परचम, नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड मेडल

    करनाल के युवा निशानेबाज रोहित कन्यान ने कजाकिस्तान में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। मात्र 16 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर रोहित कर्णनगरी के सबसे युवा खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं। 50 मीटर राइफल थ्री पी जूनियर वर्ग के खिलाड़ी रोहित ने 67वीं नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में भी मेडल जीता था। वह नीरज चोपड़ा को अपना आदर्श मानते हैं।

    By Jagran News Edited By: Suprabha Saxena Updated: Tue, 26 Aug 2025 02:45 PM (IST)
    Hero Image
    युवा निशानेबाज रोहित कन्यान गोल्ड मेडल के साथ

    विशाल कौशिक, करनाल। कर्णनगरी के युवा निशानेबाज रोहित कन्यान ने कजाकिस्तान में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उन्होंने मात्र 16 वर्ष की आयु में हासिल की है, जिससे वह कर्णनगरी के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं। रोहित ने 67वीं नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में भी मेडल जीता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एशियन चैंपियनशिप 16 से 31 अगस्त तक चली, जिसमें रोहित का मुकाबला 24 अगस्त को हुआ। उनकी टीम ने फाइनल में 600 में से 575 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। रोहित 50 मीटर राइफल थ्री पी जूनियर वर्ग का खिलाड़ी है। रोहित ने 16वीं एशियन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

    रोहित कन्यान का जीवन परिचय

    रोहित कन्यान का जन्म करनाल के गांव जानी में हुआ। वह दरड़ स्थित ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। उनके पिता सुरेश कन्यान, जो आर्मी से सेवानिवृत्त हैं, और माता उर्मिला देवी, एक गृहिणी हैं। रोहित ने 11 वर्ष की आयु से निशानेबाजी का प्रशिक्षण लेना शुरू किया और अब तक कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य गुरविंद्र चावला ने बताया कि रोहित की सफलता के पीछे उसकी मेहनत और माता-पिता का मार्गदर्शन है। राेहित इकलौता बेटा है।

    नीरज चोपड़ा को मानते हैं आदर्श 

    रोहित ओलिंपिक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को अपना आदर्श मानते हैं। उनके पिता ने बताया कि रोहित ने नीरज की मेहनत से प्रेरित होकर अपने लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लिया है। वह भी ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीतने का सपना देखता है।