खेतों में अब बेल पर लटकेंगे आलू, बिना पानी के होगी खीरे की खेती; कृषि क्षेत्र में क्रांति लाएगी यह तकनीक
किसान अनूप ने राष्ट्रीय डेरी मेले में बेल पर उगने वाले आलू और बिना पानी के खीरे जैसी अभिनव खेती तकनीकें प्रस्तुत कीं। वह 15 वर्षों से विभिन्न सब्जियों के बीज एकत्र कर रहे हैं, जिससे किसानों को पारंपरिक खेती से हटकर नए विकल्प मिल सकें।

बिना पानी के होगी खीरे की खेती और बेल पर लगेंगे आलू (फाइल फोटो)
HighLights
बेल पर उगने वाले आलू की नई तकनीक
बिना पानी के खीरे की खेती का प्रदर्शन
किसान अनूप ने 700 प्रकार के बीज सहेजे
प्रदीप शर्मा, करनाल। खेती में प्रयोग और नवाचार की कोई सीमा नहीं है। अब तक किसान जमीन के अंदर उगने वाले आलू और पौधों पर लगने वाली मटर की खेती करते आए हैं, लेकिन आने वाले समय में खेतों में बेल पर लटकते आलू और बिना पानी के खीरे की खेती भी देखने को मिल सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में उगाई जाने वाली आलू की आठ अलग-अलग किस्मों को मैदानी इलाकों में उगाने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। हिसार के फरीदपुर निवासी किसान अनूप राष्ट्रीय डेरी मेले में इन अनूठे प्रयोगों और दुर्लभ सब्जियों के बीजों के साथ पहुंचे हैं।
उनका दावा है कि इन किस्मों को मैदानी क्षेत्रों में भी सफलतापूर्वक उगाया जा सकता है और इनके परिणाम बेहतर रहेंगे। लेकिन इन बीजों को विधिवत प्रयोग करना जरूरी है।

हिसार के फरीदपुर निवासी किसान अनूप
15 साल से बीज का संग्रह कर रहे किसान अनूप
अनूप खेती को केवल उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि नई किस्मों को सहेजने और उन्हें आगे बढ़ाने का जरिया मानते हैं। 15 साल से इसी शौक के चलते उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से सब्जियों के करीब 700 प्रकार के बीज एकत्रित किए हैं।
राष्ट्रीय डेरी मेले में वह इन बीजों को प्रदर्शित कर रहे हैं, ताकि किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर नई किस्मों के बारे में जान सकें। उनके पास टमाटर की करीब 130 किस्मों, मूली की 12, आलू की आठ और अरबी की छह किस्मों के बीज उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के यमुनानगर में छाया सीजन का पहला कोहरा, हिसार की रात सबसे ठंडी; 7.2 डिग्री तक लुढ़का पारा
पहाड़ी आलू की आठ किस्मों पर नजर
अनूप के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में उगाई जाने वाली आलू की आठ किस्मों को मैदानी इलाकों की जलवायु में उगाने की संभावनाएं हैं। इनमें कुछ ऐसी किस्में भी हैं, जिनमें आलू बेल पर विकसित होते हैं।
सामान्य तौर पर किसान आलू को जमीन के अंदर उगने वाली फसल के रूप में जानते हैं, लेकिन इन किस्मों की विशेषता उन्हें दूसरे आलू से अलग बनाती है।
अनूप का दावा है कि सही तरीके और अनुकूल परिस्थितियों में मैदानी किसान भी इनका उत्पादन कर सकते हैं। इससे किसानों को खेती में नए विकल्प मिल सकते हैं।
पौधे की जगह बेल पर लगेगी मटर
अनूप के पास मटर की खेती को लेकर भी अलग प्रयोग है। उनके अनुसार मटर को सामान्य पौधे के बजाय बेल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे किसान उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं।
वहीं बिना पानी के खीरा उगाने की तकनीक भी वह किसानों को बता रहे हैं। उनका कहना है कि खेती में किस्मों के चयन और पौधों को विकसित करने के तरीके में बदलाव कर कई नए परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
बीजों को सहेजना बना जुनून
अनूप के मुताबिक अलग-अलग किस्मों के बीजों को एकत्रित करना और उनका संरक्षण करना उनका शौक है। वह चाहते हैं कि किसानों को एक ही प्रकार की सब्जियों तक सीमित न रहना पड़े। मेले में वह किसानों को टमाटर, मूली, आलू और अरबी समेत विभिन्न सब्जियों के बीज उपलब्ध करा रहे हैं।
उनका मानना है कि किसान नई किस्मों को अपनाकर खेती में विविधता ला सकते हैं और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन के नए विकल्प तलाश सकते हैं।
राष्ट्रीय डेरी मेले में अनूप के बीजों का संग्रह किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हालांकि इन नई किस्मों की मैदानी क्षेत्रों में उत्पादकता, पानी की जरूरत और आर्थिक लाभ का आकलन स्थानीय परिस्थितियों में परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।