Success Story: दूध बेचने के बजाय अपनाया प्रजनन का मॉडल, अब बकरी पालन से सालाना 12 लाख कमा रहा करनाल का किसान
करनाल के सोनू पाल ने बकरी पालन को आय का सफल माध्यम बनाया है, पाँच साल में 150-175 बकरियों का फार्म तैयार किया।

बकरियों के साथ सोनू (जागरण फोटो)
HighLights
सोनू पाल ने पांच साल में 150-175 बकरियों का फार्म बनाया
दूध के बजाय प्रजनन और बच्चों की बिक्री पर ध्यान केंद्रित
सालाना 10-12 लाख रुपये की आय का अनुमान, पुरस्कार भी जीते
जागरण संवाददाता, करनाल। खेती और पशुपालन के साथ अतिरिक्त आमदनी का जरिया तलाश रहे किसानों के लिए बकरी पालन एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है। करनाल के सोनू पाल ने इसी सोच के साथ करीब पांच साल पहले बकरी पालन शुरू किया था।
शुरुआत में उन्होंने इसे छोटे स्तर पर लिया, लेकिन धीरे-धीरे इसमें निवेश बढ़ाया और अब उनके पाल कामर्शियल गोट फार्म में 150 से लेकर करीब 175 बकरियां हैं। खास बात यह है कि सोनू ने बकरी पालन को दूध उत्पादन के बजाय पूरी तरह प्रजनन और बच्चों की बिक्री पर आधारित व्यवसाय के रूप में विकसित किया है।
सोनू पाल गांव श्रवण माजरा क्षेत्र से हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में उनका विचार था कि पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों में गाय और भैंस के साथ बकरी पालन को भी स्थान मिलना चाहिए।
उन्होंने एनडीआरआद के निदेशक के साथ हुई एक बैठक में यह सुझाव रखा था। उनका सुझाव स्वीकार किया गया और इस बार डेयरी मेले में आयोजित प्रदर्शनी में बकरियों को भी शामिल किया गया। सोनू के लिए यह पहला अवसर था, जब उनके फार्म की बकरियों ने इस तरह की प्रदर्शनी में भाग लिया।
तीन साल तक नहीं बेचे बच्चे, तैयार किया बड़ा फार्म
सोनू बताते हैं कि उन्होंने करीब पांच साल पहले बकरी पालन शुरू किया था। शुरुआती तीन वर्षों तक उन्होंने बकरियों और उनके बच्चों को बेचने के बजाय फार्म में ही रखा। इस दौरान उनका ध्यान संख्या बढ़ाने और अपने व्यवसाय को मजबूत आधार देने पर रहा। इसके लिए उन्होंने लगातार निवेश किया और धैर्य के साथ काम किया।
उनके अनुसार, इसके बाद बकरियों की बिक्री से उन्हें अब तक फार्म पर किए गए निवेश की भरपाई करने में मदद मिली है। वर्तमान में उनके पास करीब 150 से 175 बकरियां हैं, जिन्हें वह अपने व्यवसाय की पूंजी मानते हैं।
सोनू का अनुमान है कि उनके फार्म से सालाना करीब 10 से 12 लाख रुपये की आय हो रही है। हालांकि वह अभी इसे अंतिम शुद्ध मुनाफा नहीं मानते। उनका कहना है कि वर्ष 2027 से वह खर्च और आमदनी का अलग-अलग हिसाब तैयार कर सकेंगे, जिससे वास्तविक शुद्ध लाभ का स्पष्ट आकलन हो पाएगा।
यह भी पढ़ें- 'सुरक्षित घूमना नागरिकों का अधिकार', पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्यों से मांगी आवारा कुत्तों की नसबंदी रिपोर्ट
दूध नहीं, बच्चों के उत्पादन पर आधारित है कारोबार
बकरी पालन के बारे में सोनू का कहना है कि उन्होंने अपने फार्म को दूध उत्पादन के लिए नहीं, बल्कि प्रजनन और बच्चों के उत्पादन के उद्देश्य से विकसित किया है।
बकरियों के बच्चे तैयार होने पर उनकी बिक्री से आमदनी होती है। बकरी पालन को खेती और गाय-भैंस पालन के साथ अतिरिक्त व्यवसाय के तौर पर अपनाया जा सकता है।
सोनू पाल के लिए इस बार की प्रदर्शनी खास रही। उनके फार्म से शामिल नर बकरी ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया, जबकि मादा बकरी को दूसरा स्थान मिला। सौंदर्य श्रेणी में मिली इस उपलब्धि से उनका उत्साह बढ़ा है।
सोनू का कहना है बकरी को कई लोग एटीएम यानी कभी भी आमदनी देने वाला पशु कहते हैं, क्योंकि जरूरत के समय बकरी या उसके बच्चे बेचकर पैसा प्राप्त किया जा सकता है। हालांकि इसके लिए अच्छी नस्ल, उचित देखभाल, प्रजनन प्रबंधन और बाजार की मांग को समझना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।