हरियाणा में गजब निकला बर्खास्त कॉन्स्टेबल, कौशल चौधरी गैंग के बदमाश का अपने पते पर बनवा दिया पासपोर्ट
करनाल में कौशल चौधरी गिरोह के सदस्य सौहार्द उर्फ शिवम का पासपोर्ट एक बर्खास्त कॉन्स्टेबल ने अपने पते पर बनवाया। आरोपी ने पुलिस वेरिफिकेशन भी कराई जिसके लिए उसे बेटे को विदेश भेजने का लालच दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बर्खास्त कॉन्स्टेबल श्याम सुंदर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस को संदेह है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

जागरण संवाददाता, करनाल। कौशल चौधरी गैंग से जुड़े यमुनानगर के बदमाश सौहार्द उर्फ शिवम का पासपोर्ट करनाल के एक बर्खास्त कॉन्स्टेबल ने अपने पते पर बनवाया था और रुपये देकर पुलिस वेरिफिकेशन भी कराई थी।
इसके लिए बदमाश सौहार्द ने बर्खास्त कॉन्स्टेबल को उसके बेटे को विदेश भेजने का लालच दिया था। पुलिस वेरिफिकेशन किसने की थी। इसकी जांच की जा रही है।
सिटी थाना में बर्खास्त कॉन्स्टेबल श्याम सुंदर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपित मंगल कॉलोनी का रहने वाला है। वह 2004 में पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल भर्ती हुआ था लेकिन तीन साल ही नौकरी कर पाया और किसी मामले में 2007 में पद से बर्खास्त कर दिया गया था। सूत्रों के अनुसार आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बता दें 10 के करीब ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। जिनमें बदमाशों के करनाल के पते पर पासपोर्ट बने हैं।
देहरादून जेल में हुई थी बदमाश सौहार्द से मुलाकात
बर्खास्त होने के बाद श्याम सुंदर धोखाधड़ी के एक मामले में 2023 में देहरादून जेल में गया था। वहां बदमाश सौहार्द से उसकी मुलाकात हुई। बदमाश ने उसे लालच दिया कि उसके जान पहचान के लोग विदेश भेजने का काम करते हैं। उसका रिकॉर्ड क्रिमिनल है इसलिए वह उसका पासपोर्ट अपने पते पर करा दे और पुलिस वेरिफिकेशन भी करा दे।
इसके बदले वह उसके बेटे को विदेश भिजवा देगा। लालच में आकर बर्खास्त कॉन्स्टेबल ने अपने पते से बदमाश का पासपोर्ट बनवा दिया।
बर्खास्त कॉन्स्टेबल को दिया था बेटे को विदेश भेजने का लालच
यमुनानगर निवासी आरोपित सौहार्द के नाम पर एक बर्खास्त कॉन्स्टेबल ने अपने पते पर फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाया था। यह मामला संज्ञान में आते ही मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। इसमें और कितने आरोपित हैं उनकी भी जांच की जा रही है।
-गंगाराम पूनिया एसपी करनाल।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।