Haryana Weather News: हरियाणा में जमकर बरसे बादल, गर्मी से मिली राहत; जानें मानसून का पूरा अपडेट
Haryana Monsoon Update हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। रविवार को कई जिलों में जमकर बादल बरसे। कुछ जिलों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। दूसरी ओर हरियाणा में लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा कवर करने के साथ येलो अलर्ट की स्थिति कायम है। मौसम के बदले मिजाज से करनाल सहित प्रदेश में कई जगह पारा भी लुढ़का।

करनाल, जागरण संवाददाता। मानसून ने पूरी ताकत के साथ हरियाणा सहित उत्तर भारत के तमाम मैदानी क्षेत्रों में जोरदार दस्तक दी। उत्तर भारतीय राज्यों के सभी मैदानी क्षेत्रों में सक्रिय बादल रविवार को झमाझम बरसे। हरियाणा व पंजाब के ज्यादातर क्षेत्रों सहित दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी व मध्य राजस्थान में वर्षा जारी है। हरियाणा में लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा कवर करने के साथ येलो अलर्ट की स्थिति कायम है।
मौसम के बदले मिजाज से करनाल सहित प्रदेश में कई जगह पारा भी लुढ़का। राज्य में औसत स्तर से 7.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ ऊझा पानीपत में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। औसत स्तर से 4.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हरियाणा व पंजाब के साथ ही दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व पूर्वी राजस्थान में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ने जोरदार एंट्री ली है। इन सभी राज्यों में सक्रिय बादल झमाझम बरस रहे हैं।
शनिवार रात से राज्य के दक्षिणी इलाकों, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी व मध्य राजस्थान में रुक-रुककर कही हल्की तो कहीं भारी वर्षा का दौर जारी रहा। शनिवार की रात ही मानसून ने संपूर्ण बिहार, उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड भी कवर कर लिया था। मानसून हरियाणा के 90 प्रतिशत भाग के अलावा चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश व गुजरात से लेकर मुंबई आदि तक दस्तक दे चुका है।
यह है वर्तमान परिस्थिति
मानसून की आगमन रेखा वर्तमान परिस्थितियों में ऊना, मोहाली, चंडीगढ़, अम्बाला, जींद, हिसार, भिवानी, चूरू, सीकर, अजमेर, उदयपुर, उज्जैन, इंदौर, बड़वानी, नासिक, वलसाड व नवसारी के आसपास से गुजर रही है। इन तमाम क्षेत्रों में जमकर वर्षा हो रही है। लोगों को तेज गर्मी से निजात मिली है। पंजाब, उत्तर-पश्चिमी हरियाणा, उत्तर राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान में मानसून के बादल पहुंचने के साथ ही तमाम राज्यों को मानसून की चादर पूरी तरह कवर कर रही है। इससे वर्षा गतिविधियां बढ़ेंगी। 29 जून तक पूर्ण उत्तर भारत मानसूनी वर्षा में भीग जाएगा।
कल भी भारी वर्षा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी-पश्चिमी ट्रफ उत्तरी पंजाब से हरियाणा होते हुए उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव क्षेत्र तक देखी जा सकती है। यह औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक फैली है। इससे सोमवार को भी हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
फिलहाल ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो दिन की अवधि में मानसून हरियाणा सहित पंजाब, गुजरात और राजस्थान आदि के शेष हिस्सों को कवर कर लेगा। इस बीच राज्य में कई जगह अत्याधिक वर्षा का दौर बना रहेगा। वहीं मानसून की सक्रियता के साथ ही बंगाल की खाड़ी से लेकर ओडिशा के तटीय में एक कम दबाव का क्षेत्र भी बना है, जो उत्तर-पश्चिमी दिशा में मध्य भारत की तरफ बढ़ेगा। इसके प्रभाव से बन रही मौसमी गतिविधियों के कारण पांच दिन मानसून की सक्रियता इसी प्रकार कायम रहेगी। हरियाणा सहित समूचे उत्तर भारत में वर्षा का दौर जारी रहेगा।
एडवाइजरी भी जारी
वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत मौसम विभाग ने एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें कहा गया कि किसान फिलहाल फसल में सिंचाई, उर्वरक या कीटनाशक का प्रयोग स्थगित करें। कटी फसलों को सुरक्षित स्थान पर संग्रहित कर लें। गरज-चमक के दौरान बाहर जाने से बचें। यदि बाहर हों तो पेड़ों के नीचे शरण न लें। जलाशयों के पास न जाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।