किसान भाइयों के लिए जरूरी खबर, 413 रुपये बढ़ा सरसों का MSP; ₹6613 प्रति क्विंटल देगी सरकार
केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 6613 रुपये प्रति क्विंटल ...और पढ़ें

खेतों में लहलाती सरसों की फसल (जागरण आर्काइव)
HighLights
सरसों का एमएसपी 6613 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित
किसानों को प्रति क्विंटल 413 रुपये का अतिरिक्त लाभ
उन्नत किस्मों और समय पर बिजाई से बढ़ेगा उत्पादन
जागरण संवाददाता, करनाल। गेहूं और धान के फसल चक्र से निकलकर किसान अब सरसों की खेती को भी बेहतर कमाई के विकल्प के रूप में देख रहे हैं। कम पानी की जरूरत, अपेक्षाकृत कम लागत और खाद्य तेल की बढ़ती मांग के चलते सरसों का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
इस बार किसानों के लिए अच्छी खबर यह है कि केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 6613 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। पिछले साल यह 6200 रुपये था, यानी किसानों को प्रति क्विंटल 413 रुपये अधिक मिलेंगे।
हरियाणा में पिछले रबी सीजन में करीब 2.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बिजाई हुई थी। हालांकि, इस बार शुरुआत धीमी रही। 10 नवंबर तक प्रदेश में लगभग 1.2 लाख हेक्टेयर में ही सरसों की बिजाई दर्ज की गई थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 2.15 लाख हेक्टेयर था। ऐसे में अब किसानों के सामने समय पर बिजाई और बेहतर किस्मों का चयन बड़ी चुनौती है
नई किस्मों से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
एचएयू हिसार की ओर से सरसों की अलग-अलग परिस्थितियों के लिए उन्नत किस्मों की सिफारिश की गई है। सिंचित क्षेत्रों में आरएच-1975, आरएच-1706, आरएच-725 और आरएच-30 जैसी किस्में उपयोगी हैं।
वहीं कम पानी और बारानी क्षेत्रों में आरएच-1424, आरएच-725 और आरएच-761 का चयन किया जा सकता है। इस बार आरएच-1975, आरएच-1706 और आरएच-1424 जैसी किस्मों पर भी विशेष ध्यान है। किसानों को अपने खेत की मिट्टी, सिंचाई की उपलब्धता और बिजाई के समय के अनुसार ही किस्म चुननी चाहिए।
बिजाई में इन बातों का रखें ध्यान
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सरसों की अच्छी पैदावार के लिए अक्टूबर का पहला पखवाड़ा सबसे उपयुक्त रहता है। देर होने पर पैदावार प्रभावित हो सकती है। प्रमाणित और स्वस्थ बीज का ही इस्तेमाल करें।
सामान्यतः सिंचित क्षेत्र में एक किलोग्राम और कम सिंचाई वाले क्षेत्र में करीब सवा किलोग्राम बीज प्रति एकड़ पर्याप्त रहता है। कतार से कतार की दूरी लगभग 45 सेंटीमीटर रखें।
बिजाई से पहले बीजोपचार करें और मिट्टी की जांच के आधार पर ही खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करें। फूल आने और फलियां बनने के समय नमी की कमी न होने दें।
यह भी पढ़ें- रोहतक के गांवों में शादी का बदलता अंदाज, धर्मशाला या स्कूल नहीं अब मैरिज प्लेस बने नई पसंद
खेत से मंडी तक ऐसे बनेगा कमाई का गणित
सरसों की खेती में बीज, खेत की तैयारी, खाद, दवाइयों, सिंचाई, निराई और कटाई का खर्च जोड़कर किसान को प्रति एकड़ लागत का हिसाब रखना चाहिए। उत्पादन खेत की उर्वरता, किस्म, मौसम और सिंचाई पर निर्भर करता है।
अच्छी फसल में प्रति एकड़ लगभग 8 से 10 क्विंटल उत्पादन का लक्ष्य रखा जा सकता है। इस हिसाब से 6613 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर आठ क्विंटल उत्पादन होने पर 52,904 रुपये और दस क्विंटल होने पर 66,130 रुपये का सकल मूल्य बनता है। इसमें से खेती की लागत और मंडी तक पहुंचाने का खर्च घटाने के बाद वास्तविक मुनाफा सामने आएगा।
मंडी में बिक्री के लिए जरूरी है पंजीकरण
सरसों की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार होती है। किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपनी फसल का सही पंजीकरण करवाना चाहिए।
हरियाणा में हैफेड राज्य की प्रमुख खरीद एजेंसियों में शामिल है। केंद्र की मूल्य समर्थन योजना के तहत नेफेड की ओर से भी खरीद की व्यवस्था की जाती है।
किसानों को मंडी में फसल ले जाने से पहले खरीद संबंधी दिशा-निर्देशों और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए। सही किस्म, समय पर बिजाई और वैज्ञानिक प्रबंधन से सरसों किसानों के लिए बेहतर आमदनी का आधार बन सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।