विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक के गांवों में शादी का बदलता अंदाज, धर्मशाला या स्कूल नहीं अब मैरिज प्लेस बने नई पसंद

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:45 PM (IST)

रोहतक के ग्रामीण इलाकों में शादियों का अंदाज बदल रहा है, जहां देवउठनी एकादशी से शुरू हो रहे सीजन में मैरिज प्लेस और बैंक्वेट हॉल पहली पसंद बन रहे हैं।

रोहतक में ग्रामीणों की पसंद बने मैरिज प्लेस (फोटो- मैरिज होम, जागरण आर्काइव)

रोहतक में ग्रामीणों की पसंद बने मैरिज प्लेस (फोटो- मैरिज होम, जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. देवउठनी एकादशी से शुरू हो रहा शादियों का सीजन

  2. ग्रामीण रोहतक में मैरिज प्लेस, बैंक्वेट हॉल बने पहली पसंद

  3. सुविधा, आधुनिक जीवनशैली और युवाओं की पसंद से बदल रहा चलन

जागरण संवाददाता, रोहतक। देवउठनी एकादशी के साथ ही शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही रोहतक के ग्रामीण इलाकों में शादी समारोहों के आयोजन का अंदाज भी तेजी से बदल रहा है।

कभी गांवों में शादियों के लिए धर्मशाला, चौपाल और सरकारी स्कूलों के परिसर पहली पसंद हुआ करते थे। साथ ही स्कूल का या तो अवकाश घोषित कर दिया जाता था या फिर कक्षाओं के बाद रात के समय आयोजन किए जाते थे, लेकिन अब पाबंदियों में कोई बंधना नहीं चाहता।

इनकी जगह मैरिज प्लेस और बैंक्वेट हॉल का क्रेज बढ़ रहा है। गांवों के आसपास विकसित हो रहे आधुनिक मैरिज प्लेस ग्रामीण परिवारों को भी आकर्षित कर रहे हैं।

रिश्तेदार संभाल रहे व्यवस्था

मूलरूप से रोहतक के गांव रिटौली कबूलपुर के रहने वाले निवासी 78 वर्षीय उमेद सिंह खत्री बताते हैं कि पहले शादी में टेंट, कनात, कुर्सियां और भोजन की व्यवस्था परिवार और रिश्तेदार मिलकर संभालते थे।

कई दिनों तक घर के बाहर चहल-पहल रहती थी। अब परिवार कम समय में बेहतर व्यवस्था चाहते हैं। मैरिज प्लेस में सजावट, स्टेज, लाइटिंग, पार्किंग, भोजन और मेहमानों के बैठने की सुविधा एक ही जगह मिल जाती है।

इससे परिवारों को अलग-अलग इंतजाम करने की जरूरत कम पड़ती है। ग्रामीण क्षेत्र में बदलती जीवनशैली, बढ़ती आमदनी और मेहमानों की सुविधा को भी इस बदलाव की वजह माना जा रहा है।

खासकर युवाओं और नई पीढ़ी की पसंद आधुनिक सजावट और व्यवस्थित आयोजन की ओर बढ़ी है। हालांकि धर्मशालाओं और चौपालों का महत्व अब भी बना हुआ है, लेकिन शादी को यादगार और सुविधाजनक बनाने की चाह में गांवों में भी बैंक्वेट हॉल और मैरिज प्लेस नई पसंद बनते जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।