विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में बना 9 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक बस डिपो, यमुनानगर को मिलेंगी 50 चमचमाती बसें

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:08 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जगाधरी में 9 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया, जो हरियाणा की हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा।

जगाधरी में बने बस डिपो का लोकार्पण करते हुए नायब सैनी (जागरण फोटो)

जगाधरी में बने बस डिपो का लोकार्पण करते हुए नायब सैनी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. जगाधरी में 9 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण

  2. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरित परिवहन को मजबूत बताय

  3. यमुनानगर को पीएम ई-बस सेवा के तहत 50 बसें मिलेंगी

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ महापर्व के कार्यक्रम के बाद रविवार देर शाम जगाधरी में करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि डिपो हरियाणा की हरित परिवहन व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। वर्ष 2024 में जगाधरी से पांच इलेक्ट्रिक बसों के साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत हुई थी। उसी वर्ष 12 मार्च को डिपो का निर्माण शुरू किया गया था।

डिपो में आधुनिक कार्यशाला, छह बसों को एक साथ चार्ज करने के लिए छह स्टेशन, वाशिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन हैं। सरकार प्रदेश में हर 50 किलोमीटर पर चार्जिंग स्टेशन लगाने की दिशा में काम कर रही है।

10 शहरों में चल रहीं 155 बसेंं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 10 शहरों में अभी 155 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या 375 करने का लक्ष्य है। पानीपत के बाद जगाधरी दूसरा ई-बस डिपो है। इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में, जबकि अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में डिपो तैयार होंगे।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर सहित सात शहरों के लिए 450 बसें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 50 बसें यमुनानगर को मिलेंगी। इससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आटो पर निर्भरता घटेगी।

इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और जहरीली गैसें नहीं निकलेंगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 12 वर्षों में 34 शहरों में 492 करोड़ रुपये से नए बस अड्डे बनाए गए हैं। वर्ष 2022 में ई-टिकटिंग शुरू हुई। रोडवेज 39 श्रेणियों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा दे रही है। हैप्पी कार्ड से गरीब परिवारों को सालाना 1000 किलोमीटर मुफ्त यात्रा मिलती है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 कार्ड बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन टेक्नोलॉजी से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 से 80 प्रतिशत सब्सिडी पर 1.5 लाख उपकरण दिए गए हैं।

पराली बेचने पर प्रति एकड़ 3000 रुपये तक लाभ और सरकार की ओर से 1200 रुपये सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों का धन्यवाद किया और पंजाब में पराली रोकने की व्यवस्था नहीं होने पर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

संबोधन में नामों को लेकर चूक, मंच पर छाई मुस्कान

जगाधरी में इलेक्ट्रिक बस अड्डे के उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा के संबोधन के दौरान दो बार नामों को लेकर चूक हुई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा को पूर्व जिलाध्यक्ष बताया।

इसके बाद डीसी प्रीति को प्रीति जौहर कहकर संबोधित किया। प्रीति जौहर नगर निगम की पूर्व भाजपा पार्षद रह चुकी हैं। चूक पर मंच और समारोह में मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। हंसते हुए जिलाध्यक्ष राजेश सपरा मंच पर खड़े हो गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।