Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Haryana News: 'हरियाणा की जनता को प्यासी रख दिल्ली को नहीं दे सकते पानी', जल संकट पर बोले पूर्व सीएम मनोहर लाल

    Updated: Thu, 23 May 2024 09:56 PM (IST)

    Haryana News दिल्‍ली के जल संकट पर पूर्व मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने बयान दिया है। उन्‍होंने कहा कि हरियाणा की जनता को प्यासी रख दिल्ली को पानी नहीं दे सकते। पूर्व सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार हैदरपुर और वजीराबाद में जितना पानी दिल्ली को देना होता है उतना देते हैं। मई-जून में कमी के चलते उतना पानी देते हैं जो तय है।

    Hero Image
    जल संकट पर बोले पूर्व सीएम मनोहर लाल (फाइल फोटो)

    जागरण संवाददाता, करनाल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल (Manohar Lal) ने कहा कि विपक्षी दल लोगों को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह की हरकतें कर रहे हैं। भावनात्मक भाषण देकर बरगलाया जा रहा है। यह अनुचित और निंदनीय है। कहा जा रहा है कि हरियाणा ने दिल्ली का पानी कम कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह कभी संभव नहीं कि हरियाणा की जनता को प्यासा रख दिल्ली को पानी देंगे। यह सुप्रीम कोर्ट में भी कहा जा चुका है। किरण चौधरी की बेटी का टिकट कटने पर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वे आपस में लड़ते हैं तो भाजपा को फायदा है। वह वीरवार को भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

    हरियाणा की जनता को नहीं रखेंगे प्‍यासा: पूर्व सीएम

    पूर्व सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार हैदरपुर और वजीराबाद में जितना पानी दिल्ली को देना होता है, उतना देते हैं। जो पानी दोनों क्षेत्रों में दिया जाता है उसे बीच में काटकर वे अलग-अलग जगह देने लगे हैं। हम उनके हिस्से से ज्यादा पानी आज भी देते हैं। जब गर्मी नहीं होती तो हम इनके कहने पर अतिरिक्त पानी भी देते हैं। मई-जून में कमी के चलते उतना पानी देते हैं, जो तय है। हरियाणा की जनता को प्यासा करके दिल्ली को पानी नहीं देंगे।

    सैनी ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में किए कार्यक्रम: पूर्व सीएम

    पूर्व सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी लोग प्रदेश की योजनाओं को सुनना चाहते हैं। गत 10 वर्ष में नरेन्द्र मोदी ने देश की वर्षों पुरानी समस्याएं सुलझाईं। इनके बारे में कांग्रेस कहती थी कि इन्हें छेड़ा तो गृहयुद्ध हो जाएगा। गरीबों के लिए भी अनेक काम किए। हर गांव में बिना पर्ची-खर्ची नौकरियां लगीं। उन्होंने और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 106 कार्यक्रम किए।

    यह भी पढ़ें: Rajnath Singh in Karnal: 'मनोहर लाल राजनीति में संत की तरह', करनाल में रक्षामंत्री ने की पूर्व CM की जमकर तारीफ

    शिकायत चुनाव आयोग से की गई शिकायत: मनोहर लाल

    मनोहर लाल ने राहुल गांधी की ओर से मीडिया के बारे में दिए गए बयान पर कहा कि मीडिया को लिखने-बोलने की स्वतंत्रता है। आलोचना पढ़ना और सुनना आना चाहिए। सीएम ने कहा कि रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा ने घोषणापत्र में जो कहा और आठ हजार बांटने के लिए फार्म भरने शुरू कर दिए। वह वोटर को आकर्षित करने के लिए घिनौना काम है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई है। आयोग निष्पक्ष संज्ञान लेगा।

    किसान व सिख का लिबास पहनते कुछ लोग: पूर्व सीएम 

    पूर्व सीएम ने कहा कि चुनाव प्रचार में इक्का-दुक्का गांव में विरोध की बात आई। विरोध की मर्यादा है, लेकिन कुछ लोग किसान और सिख का लिबास पहनते हैं। वे न सच्चे सिख हैं और न किसान हैं। सवाल करते हैं कि दिल्ली जाने से क्यों रोका? दिल्ली में घुसपैठ करके उन्होंने क्या किया, यह सबको पता है। लाल किले पर दुश्मन की तरह चढ़कर अपमान किया। लाल किला, इंडिया गेट जैसे स्थान भी पवित्र हैं।

    प्रधानमंत्री की सहनशीलता और सूझबूझ के कारण प्रेम से मामला सुलझाया। कोई दुर्घटना होती तो बदनामी भाजपा के सिर रहती, जैसे ब्लू स्टार आपरेशन और 1984 के दंगे कांग्रेस पर धब्बा हैं। हरियाणा का किसान हमारे साथ है। दिल्ली जाने के लिए यातायात साधन खुले हैं लेकिन ट्रैक्टर के आगे हथियार बांधकर जाना ठीक नहीं। शरारती तत्वों को हमेशा रोका जाएगा।

    जनता करेगी फैसला: मनोहर लाल

    एनसीपी-इनेलो प्रत्याशी के जाति संबंधी चर्चित और विवादित बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विचार रखने की मर्यादा है। कोई उल्लंघन करेगा तो प्रशासन एक्शन लेगा। फिर भी ऐसा करते हैं तो जनता की अदालत में जाएंगे और वही इसका फैसला करेगी।

    यह भी पढ़ें: Haryana News: सरकारी स्कूलों में अपडेट हो सकेंगे छात्रों के आधार कार्ड, नहीं काटने होंगे CHC के चक्कर

    पूर्व सीएम ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि महिलाओं और नौजवानों को एक-एक लाख रुपये देंगे। वे कितनों के खाते में पैसे डालेंगे? 40 करोड़ लोगों को एक-एक लाख रुपए देंगे तो 40 लाख करोड़ रुपये बनते हैं। 46 लाख करोड़ रुपए देश का बजट है। 40 लाख करोड़ रुपए ऐसे देंगे तो बाकी देश कहां जाएगा। देश को कंगाल करेंगे। देशहित में अनेक योजनाएं संचालित हैं। उन्हें गणित ज्ञान नहीं है।

    जो कहा, करके दिखाया: पूर्व मुख्‍यमंत्री

    भाजपा ने जो कहा, करके दिखाया। स्वास्थ्य, कृषि, जीएसटी, करोड़ों घरों में शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना इसका प्रमाण है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यवस्था परिवर्तन किया। जनता ने इस काम को अच्छा बताया है। ज्यादातर सरपंच भाजपा के साथ हैं। भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे। टोल प्लाजा को लेकर पूर्व सीएम ने कहा कि कोई व्यवस्था बनेगी तो यह जरूर हटेगा। घरौंडा व पानीपत के टोल नजदीक हैं। इन्हें मर्ज करने पर काम करेंगे।