जागरण संवाददाता, करनाल। बलडी बाइपास के समीप अल सुबह साढ़े चार बजे एक कैंटर से कार सवार चार दोस्तों की टक्कर हो गई। इसमें दिल्ली पुलिस के एक सिपाही की मौत हो गई और उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया है।
सिपाही प्रवीण कुमार सोनीपत के गांव फरमाणा के थे। मृतक प्रवीण के साले सोनीपत के मुंडलाना निवासी रजत ने बताया कि 6 जून को वह अपनी बहन के गांव फरमाणा में गया हुआ था। उसका जीजा प्रवीण कुमार दिल्ली पुलिस में सिपाही पद पर तैनात था।
उसके पिता बीमार रहते हैं तो वह एक महीने से छुट्टी पर आया हुआ था। उसके जीजा के गांव के ही उसके दोस्त प्रवीण, अंकित व रुद्र भी आए हुए थे।
उसका जीजा और उसके तीनों दोस्त सभी खाना खाकर चंडीगढ़ के लिए निकल गए थे। चंडीगढ़ पीजीआइ में उनका एक दोस्त दाखिल है। उससे मिलने के लिए वह चंडीगढ़ पीजीआइ जा रहे थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उसके जीजा की गाड़ी बलड़ी बाईपास के समीप पहुंची तो उनकी गाड़ी के आगे चल रहे कैंटर चालक ने कट मार दिया और उसके जीजा की गाड़ी कैंटर से टकरा गई।
घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसके जीजा प्रवीण को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रुद्र, अंकित व प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया। सदर थाना जांच अधिकारी विकास ने बताया कि कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रवीण कुमार 2018 से दिल्ली पुलिस में तैनात हुआ था। प्रवीन अपने परिवार का इकलौते बेटे था। उनकी बहन की सात-आठ महीने पहले ही मौत हुई थी। प्रवीन की दो बेटियां भी हैं, जिनमें एक की उम्र करीब तीन साल है और दूसरी डेढ़ साल की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।