समय से पहले टूट जाते दूध के दांत
जागरण संवाददाता, करनाल : जंक व फास्ट फूड बच्चों के स्वास्थ्य को खोखला कर रहा है। अब दूध के दांत समय
जागरण संवाददाता, करनाल : जंक व फास्ट फूड बच्चों के स्वास्थ्य को खोखला कर रहा है। अब दूध के दांत समय से पहले ही टूट जाते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आज के बच्चे जब युवा होंगे तो कितने मजबूत रहेंगे। दूध के दांतों का समय पर नहीं टूटना या देरी से टूटना किसी बच्चे के लिए परेशानी भरा हो सकता है। आजकल अधिकतर बच्चों में यह समस्या पाई जाने लगी है। दूसरी बड़ी समस्या दांतों का खोखला हो जाना है। यह बीमारी भी लगातार बढ़ रही है। चिकित्सक भी इस बात को लेकर चिंतित हैं और लोगों को दांतों की हिफाजत को लेकर कई हिदायत दे रहे हैं।
इब्राहिम मंडी स्थित न्यू पब्लिक डेंटल क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. सलिंद्र ने कहा कि अकसर छह साल की उम्र से दूध के दांत टूटना शुरू होते हैं और 13 वर्ष तक टूटते हैं। आजकल बच्चों में समय से पहले या लेट दांत टूटने की दिक्कत पाई जा रही है। दूध का दांत समय पर नहीं टूटने से नया दांत पैदा हो जाता है इससे दांत टेढ़े-मेढ़े हो जाते हैं। इन समस्याओं की वजह हल्का खाना लेना है। फास्ट फूड व चिपचिपा खाना लेने से दांतों की बीमारियां बढ़ रही हैं। खोखलापन होने के साथ मुंह से बदबू आने लगती है। एक समस्या और बढ़ने लगी है। आम तौर पर जबड़े में अंतिम जाड़ 17 से 21 की आयु के बीच निकलती है। 60 फीसद मामले इस जाड़ के समय पर नहीं निकलने से सामने आ रहे हैं। यह समस्या आने वाले कुछ समय में भारत में 90 फीसद तक बढ़ सकती है। इसकी वजह है सख्त चीजों का न चबाना। यदि सख्त खाना चबाते हैं गन्ना चूसते हैं तो जाड़ पर दबाव बनता है और वह आसानी से बाहर निकल जाती है। नरम खाना खाते रहने से जाड़ अंदर पड़ी रहती है। सैंडविच, ब्रैड, चाकलेट व टॉफी इत्यादि चीजें बच्चों के दांतों को खोखला बना रही हैं। चिपचिपा खाने से दांत व जाड़ खराब हो रहे हैं। खाना खाने के बाद लोग दांतों की सफाई नहीं करते। खाना हल्का हो जाने के कारण दांतों की मजबूती कम हो गई।
क्या करें उपाय
0 तीन या छह माह में दांतों का चेकअप अवश्य कराएं
0 दिन में दो बार ब्रुश करें
0 खाने के बाद तुरंत कुल्ला करें
0 फास्ट व जंक फूड से दूर रहें
0 बच्चों को फल खिलाएं व जूस पिलाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।