खेलो इंडिया कैंप दोबारा शुरू, जिले के 17 खिलाड़ी ले रहे भाग
खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से खेलो इंडिया की तैयारी दोबारा से शुरू कर दी गई है। पहले यह खेल पांच से 14 फरवरी तक होने थे लेकिन कोरोना के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में खेल करवाए जाएंगे।

सुनील जांगड़ा, कैथल : खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की तरफ से खेलो इंडिया की तैयारी दोबारा से शुरू कर दी गई है। पहले यह खेल पांच से 14 फरवरी तक होने थे, लेकिन कोरोना के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब मार्च के अंतिम सप्ताह या अप्रैल के पहले सप्ताह में खेल करवाए जाएंगे। स्पर्धा को लेकर खिलाड़ियों के कैंप लगने शुरू हो चुके हैं। अलग-अलग जिलों में विभिन्न खेलों के कैंप लगे हैं जो 23 फरवरी से 27 फरवरी तक जारी रहेंगे। इन शिविरों में कैथल से सात खेलों के 17 खिलाड़ियों का चयन हो गया है। इनके अलावा चार खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई हुई है। खेलो इंडिया को लेकर विभाग की तरफ से सभी खेल प्रशिक्षकों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। जब तक इन खेलों का आयोजन नहीं हो जाता प्रशिक्षकों को अवकाश नहीं दिया जाएगा।
बता दें कि इन खेलों के लिए टीमों का चयन करने के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल 19 और 20 दिसंबर को लिए जा चुके हैं। खिलाड़ियों के ट्रायल लेने के लिए चारों मंडल खेल उपनिदेशकों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिन खिलाड़ियों का चयन किया गया था, वे अब खेलो इंडिया कैंप में अभ्यास कर रहे हैं। कैथल के किस खिलाड़ी का चयन हरियाणा की टीम में हुआ है, इसकी जानकारी बाद में विभाग की तरफ से दी जाएगी। कैंप के दौरान खिलाड़ियों को खेलों की नई-नई तकनीक सिखाई जा रही हैं।
इस खेल के इतने खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
हिसार के महावीर स्टेडियम में हैंडबाल के दो लड़के और एक लड़की कैंप में अभ्यास कर रहे हैं। उनके साथ हैंडबाल प्रशिक्षक डा. राजेश कुमार की ड्यूटी लगाई हुई है। कैंप में 31 लड़कियां भाग ले रही हैं, जिनमें से 16 का चयन किया जाना है। इनके अलावा पांच अतिरिक्त खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। गुरुग्राम में बास्केटबाल कैंप में एक खिलाड़ी और प्रशिक्षक शैलेश भाग ले रहे हैं। शाहबाद में हाकी के प्रशिक्षक गुरबाज सिंह, दो लड़के और एक लड़की भाग ले रहे हैं। गुरुग्राम में वालीबाल प्रशिक्षक कर्मवीर सिंह और एक खिलाड़ी का चयन हुआ है। हिसार में खो-खो कैंप में तीन लड़के और एक लड़की भाग ले रही है। कबड्डी का एक लड़का और एक लड़की भिवानी में लगे कैंप में भाग ले रहे हैं। करनाल में लगे फुटबाल शिविर में तीन लड़कों का चयन हुआ है।
वर्जन
खेलो इंडिया की तैयारी के लिए खिलाड़ियों के कैंप लग चुके हैं। जिले से सात खेलों के 17 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मार्च के अंत में या अप्रैल की शुरुआत में खेल हो सकते हैं।
सुधा भसीन, जिला खेल अधिकारी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।