कैथल में युवक को US भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी, दंपती पर केस दर्ज; अमेरिका की बजाय घुमाया चार देश
कैथल में एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर आठ लाख की ठगी हुई। आरोपियों ने 40 लाख में सौदा तय किया 18 लाख एडवांस लिए। युवक को दुबई कंबोडिया और तुर्की भेजा गया जहाँ उसे जेल में यातना दी गई। शिकायत के बाद 10 लाख वापस किए गए बाकी देने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, कैथल। एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर करीब आठ लाख रुपये की ठगी की गई है। युवक को अमेरिका की जगह तीन से चार देशों में घुमाया गया और उसे तुर्की जेल में भी यातनाएं सहनी पड़ी।
गांव कांगथली निवासी देशराज की शिकायत पर बटाला रोड जालंधर पंजाब निवासी देवराज और उसकी पत्नी निर्मला के विरुद्ध सीवन थाना में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया कि जनवरी 2022 में आरोपितों से गांव कांगथली में मुलाकात हुई थी। आरोपितों ने बताया कि उनके विदेशों में लोगों के साथ अच्छे संबंध है। अगर अपने लड़के या रिश्तेदार को अमेरिका में एक नंबर में सीधे तौर पर भेजना है और काम दिलवाना है तो हम भेज देंगे।
इस काम पर 40 लाख रुपये लगेंगे और 18 लाख रुपये पहले देने होंगे। उसने अपने लड़के जसपाल को अमेरिका भेजने और वहां पर काम दिलवाने को लेकर 40 लाख रुपये में बात कर ली। पांच जनवरी 2022 को आरोपित घर आए थे। वे जसपाल का पासपोर्ट और दस लाख रुपये ले गए थे।
12 मार्च 2022 में गांव आकर आठ लाख रुपये नकद ले गए। पैसे लेने के बाद जसपाल को दुबई भेज दिया। वहां नौ महीने रखने के बाद उसे कंबोडिया भेजा गया। वहां भी नौ महीने रखने के बाद तुर्की भेज दिया। तुर्की पुलिस ने जसपाल को चेतावनी देकर वापस भारत भेज दिया।
भारत आने के बाद दोबारा से तुर्की भेजा
आरोपितों ने भारत आने के बाद दोबारा से उसके बेटे जसपाल को तुर्की भेज दिया। वहां तुर्की पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जेल भेज दिया। जेल में जसपाल को यातनाएं दी गई। पांच लाख रुपये खर्च करके जसपाल को वापस भारत लाया गया।
इसके बाद 30 जनवरी 2025 को उन्होंने आरोपितों के विरुद्ध सीवन थाना में शिकायत दे दी थी। शिकायत के बाद आरोपितों ने 18 में से करीब दस लाख रुपये वापस भेज दिए थे।
बकाया पैसे देने से मना कर दिया और जसपाल का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया। ऐसा करके आरोपितों ने करीब आठ लाख रुपये की ठगी की है। सीवन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एएसआइ सुरेंद्र सिंह को सौंप दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।