'कैथल किस महिला योद्धा से संबंधित है', हरियाणा CET में पूछा गया सवाल जानते हैं आप?
कैथल में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की सीईटी परीक्षा में रजिया सुल्तान से संबंधित प्रश्न पूछा गया। रजिया सुल्तान का मकबरा कैथल में स्थित है जो वर्तमान में बदहाल स्थिति में है। शहरवासी इसके जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं। इतिहासकारों के अनुसार 1240 में रजिया सुल्तान और उनके पति को उनकी सेना ने कैथल में ही मार डाला था और उन्हें वहीं दफना दिया गया था।

सुरेंद्र सैनी, कैथल। जिले में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से शनिवार को सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी ) की परीक्षा का आयोजन हुआ। इस परीक्षा को लेकर जिले में 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध नजर आए।
सुबह के सत्र की परीक्षा देकर बाहर आए विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की परेशानी नहीं आई। प्रशासन ने हर तरह की व्यवस्था की हुई थी। परीक्षा भी बहुत अच्छी तरह से हुई। इस परीक्षा में कैथल जिले के प्राचीन इतिहास से संबंधित सवाल पूछा गया।
इसमें सवाल था हरियाणा का कैथल शहर ऐतिहासिक रूप से किस प्रसिद्ध महिला योद्धा से संबंधित है। इसमें रजिया सुल्तान, रानी लक्ष्मीबाई, बेगम हजरत महल, रानी अवंतीबाई महिला योद्धा का नाम था। बता दें कि रजिया सुल्तान का मकबरा कैथल के मानस रोड पर स्थित है।
हालांकि अब यह बदहाल स्थिति में है। खेतों में छोटा सा टीला और उसके चारों तरफ झाड़ियां खड़ी है। इस टीले के पास आने-जाने के लिए भी रास्ता नहीं है। शहर वासी इस ऐतिहासिक धरोहर के जीर्णोद्धार की मांग कई बार उठा चुके हैं, लेकिन आज तक भी पुरातत्व विभाग व जिला प्रशासन ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया है।
अब रजिया बेगम का मकबरा जीर्ण-शीर्ण अवस्था में झाड़ियों में घिरा दिखाई देता है। इतिहासकारों के अनुसार इसके सामने कुछ दूरी पर एक ओर ढांचा है, जहां पर मकबरे पर आने वाले लोग इबादत करने के साथ शायद आराम करते होंगे।
करीब आठ साल पहले जिला प्रशासन की तरफ से छह लाख रुपये की राशि से रजिया बेगम उद्यान को विकसित किया जाना था, लेकिन उस समय यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। अब यह प्राचीन धरोहर बदहाली के कगार पर है।
मकबरे का ये है प्राचीन इतिहास
इतिहासकार कमलेश शर्मा ने बताया कि रजिया सुल्तान हिंदुस्तान की पहली मुस्लिम शासक थी। इतिहास में मिले उल्लेखों के अुनसार, रजिया बेगम के पति और उस वक्त बठिंडा के गवर्नर अल्तुनिया ने सेना का गठन करके दिल्ली की ओर आक्रमण के लिए कूच किया था और दुर्भाग्य से उसे शिकस्त हुई थी।
कैथल में ही रजिया सुल्तान और दिल्ली के शासक बेहराम शाह की सेनाओं के बीच युद्ध हुआ था। 13 नवंबर 1240 ई. को रजिया सुल्तान व उनके पति अल्तुनिया को उसकी ही सेना ने बगावत करके इसी स्थान पर मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद रजिया को इसी स्थान पर दफना दिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।