हरियाणा के इलेक्ट्रिशियन ने खंडहर मकान में उगाया मशरूम, 3 लाख रुपये की हो रही कमाई
सीवन के इलेक्ट्रिशियन भूषण रहेजा खंडहर मकान में मशरूम की खेती कर रहे हैं, जिससे उन्हें सीजन में 2.5 से 3 लाख रुपये का मुनाफा होता है।

इलेक्ट्रिशियन और किसान भूषण रहेजा (जागरण फोटो)
HighLights
इलेक्ट्रिशियन भूषण रहेजा खंडहर मकान में करते हैं मशरूम की खेती
सर्दी के सीजन में कमाते हैं 2.5 से 3 लाख रुपये का मुनाफा
मशरूम की खेती से अन्य किसानों को भी मिल रही प्रेरणा
अमित तनेजा, सीवन। सर्दी का सीजन शुरू होते ही मशरूम की भी डिमांड बढ़ जाती है। नगर सीवन में बिजली रिपेयर का कार्य करने वाले भूषण रहेजा भी दुकान चलाने के साथ-साथ खंडहर मकान में मशरूम की खेती भी कर रहे हैं। इससे सीजन में ढ़ाई से तीन लाख रुपये की मुनाफा कमा रहे हैं।
भूषण बताते हैं कि पांच-छह सालों से वे सर्दी के इस मौसम में बिजली रिपेयर के कार्य के साथ-साथ मशरूम की खेती करते हैं। पहले वे किराया के मकान में एक कमरे में यह कार्य करते थे, धीरे-धीरे दो कमरों में कार्य शुरू कर दिया। जिस कमरे में किराया पर मशरूम की खेती का कार्य शुरू हुआ था, उस मकान को भी अब खरीद लिया है।
भूषण बताते हैं कि सर्दी के इस मौसम में मशरूम की खूब डिमांड रहती है। 50 से 55 किलो मशरूम का उत्पादन सर्दी में होता है। इस बार भी अच्छा उत्पादन होने की उम्मीद है।
उनके इस कार्य का देखते हुए कई किसानों ने भी मशरूम की खेती शुरू की है। भूषण रहेजा ने बताया कि मशरूम की खेती में मेहनत और समय की आवश्यकता जरूर होती है, लेकिन इसके साथ अच्छी संभावनाएं भी जुड़ी हुई हैं। सुबह जल्दी उठकर मशरूम की सप्लाई मंडी में पहुंचानी पड़ती है।
सीजन के दौरान मशरूम की तुड़ाई दिन में दो बार तक करनी पड़ती है। इसके अलावा उत्पादन के लिए आवश्यक तापमान और नमी बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस व्यवसाय में नियमित मेहनत और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से उत्पादन किया जा सकता है।
अतिरिक्त आमदनी का अच्छा साधन मशरूम: भूषण
किसान भूषण ने बताया कि सीवन सहित आसपास के क्षेत्र में मशरूम की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का अच्छा साधन बनकर उभरी है। कई किसान मशरूम फार्म संचालित कर रहे हैं, लेकिन मशरूम की पौष्टिकता और बाजार में इसकी मांग को देखते हुए यह खेती किसानों के लिए बेहतर संभावनाएं रखती है।
उचित वातावरण, नमी और तापमान का प्रबंधन करके किसान कम जगह में भी मशरूम का उत्पादन कर सकते हैं। मशरूम की खेती सामान्य फसलों से अलग है। इसके लिए तापमान, नमी, साफ-सफाई और वातावरण का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। यदि किसान को इसकी तकनीकी जानकारी हो और उत्पादन के दौरान नियमित देखभाल की जाए तो मशरूम की अच्छी पैदावार ली जा सकती है।
मशरूम की खेती किसान को देती है मुनाफा: आनंद
किसान लक्ष्मी आनंद ने बताया कि मशरूम किसानों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए भी बेहद फायदेमंद है। यह पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है और इसे गुणों की खान कहा जा सकता है।
मशरूम में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और कई जरूरी खनिज तत्व पाए जाते हैं। इसमें वसा और कैलोरी की मात्रा कम होती है, जिसके चलते इसे संतुलित आहार का अच्छा हिस्सा माना जाता है। उन्होंने बताया कि मशरूम में मौजूद प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों के विकास और मरम्मत में सहायक होता है।
वहीं फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। इसमें पाए जाने वाले बी-विटामिन, पोटैशियम और सेलेनियम जैसे पोषक तत्व भी शरीर के लिए उपयोगी हैं।
यही कारण है कि आजकल लोग अपने खानपान में मशरूम को शामिल करना पसंद कर रहे हैं। लक्ष्मी आनंद ने बताया कि शादी समारोहों के सीजन में मशरूम की मांग विशेष रूप से बढ़ जाती है। विवाह समारोहों में विभिन्न प्रकार की सब्जियों, स्नैक्स और अन्य व्यंजनों में इसका इस्तेमाल किया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।