हरियाणा में किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी, 15 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन; क्या हैं शर्तें?
चरखी दादरी में अनुसूचित जाति के किसानों को 45 एचपी से अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर की खरीद पर 3 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा।

ट्रैक्टर से खेत में रोपाई करता किसान (फोटो- जागरण टीम)
HighLights
अनुसूचित जाति के किसानों को 3 लाख रुपये अनुदान
45 एचपी से अधिक ट्रैक्टर खरीद पर लाभ
आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के अनुसूचित जाति श्रेणी के ऐसे किसान, जिनके स्वयं के नाम अथवा फैमिली आईडी में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि योग्य भूमि है, वो 45 एचपी एवं उससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर की खरीद पर तीन लाख रुपये प्रति यूनिट अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभागीय पोर्टल पर 15 नवंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक एवं पात्र किसान 15 दिसंबर तक इसे पूरा कर सकते हैं।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना से रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के स्वयं के नाम अथवा फैमिली आईडी में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि योग्य भूमि होना अनिवार्य है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि इसके अतिरिक्त आवेदक का स्वयं के नाम से मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण होना भी आवश्यक है।
किसान को ऑनलाइन आवेदन करते समय भूस्वामित्व प्रमाण पत्र एवं घोषणा पत्र अपलोड करना होगा। यदि प्राप्त आवेदनों की संख्या आवंटित लक्ष्य से अधिक होती है तो लाभार्थियों का चयन आवेदक किसानों की उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा आयोजित आनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।
15 दिन के भीतर खरीदना होगा ट्रैक्टर
उपायुक्त ने बताया कि चयनित पात्र किसानों को चयन के बाद 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर खरीदना होगा तथा खरीद का बिल संबंधित डीडीए/एएइ कार्यालय में जमा करवाना होगा। निर्धारित अवधि में ट्रैक्टर की खरीद एवं आवश्यक दस्तावेज जमा न करवाने की स्थिति में ड्रा की वरिष्ठता के अनुसार प्रतीक्षा सूची में शामिल किसानों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
पांच वर्षों तक नहीं कर सकेंगे बिक्री
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि योजना की शर्तों के अनुसार, लाभ लेने वाले किसान अथवा उनकी फैमिली आईडी में शामिल परिवार के किसी भी सदस्य ने पिछले 5 वर्षों के दौरान ट्रैक्टर पर किसी अनुदान योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
इसके अलावा, चयनित किसान आगामी 5 वर्षों तक ट्रैक्टर की बिक्री नहीं कर सकेंगे, जिसके लिए किसान को विभागीय पोर्टल पर शपथ पत्र अपलोड करना होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक किसान उप निदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग चरखी दादरी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।