किसानों के जाम से प्रभावित हुई रोडवेज बस सेवा, तीन घंटे बस अड्डे पर खड़े रहे यात्री
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन विधेयकों के विरोध में रविवार को किसान सड़कों पर उतरे और जिले में आठ अलग-अलग जगहों पर रोड जाम कर दिया।

जागरण संवाददाता, जींद : केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन विधेयकों के विरोध में रविवार को किसान सड़कों पर उतरे और जिले में आठ अलग-अलग जगहों पर रोड जाम कर दिया। रोड जाम किए जाने से रोडवेज बस सेवा प्रभावित हुई और यात्रियों को 3 से 4 घंटे बस अड्डे पर ही बिताने पड़े, क्योंकि जाम के कारण बसों को बस स्टैंड पर ही रोक दिया गया था।
दोपहर बाद 3 बजे के बाद ही बसें सुचारू रूप से चल पाई। दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक जींद-रोहतक मार्ग, जींद-नरवाना, जींद-असंध, जींद-भिवानी, जींद-कैथल, जींद-पानीपत मार्ग बंद रहे, जिस कारण बसों को बस अड्डों पर ही रोके रखना पड़ा। दोपहर को जींद डिपो की लगभग 30 बसें विभिन्न रूटों पर निकलती हैं। जाम की सूचना के बाद यह बसें और इनमें सवार यात्री बस अड्डे पर ही खड़े रहे। दोपहर से पहले बसें सामान्य दिनों की तरह चलती रही।
रोहतक, नरवाना रूट सबसे ज्यादा प्रभावित
किसानों द्वारा रोड जाम करने के कारण सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक कोई बस नहीं चली। सबसे ज्यादा जींद से रोहतक, जींद से नरवाना रूट प्रभावित हुए। इस दौरान सबसे ज्यादा बसें इन रूटों पर ही निकलती हैं। कुछ यात्री बस नहीं चलने पर अपने घर वापस लौट गए। रोडवेज कर्मचारियों ने दोपहर तीन बजे बाद यात्रियों को बस में भेजना शुरू किया।
वर्जन
11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक रोड जाम होने के कारण बसें नहीं चल पाई। दोपहर बाद जैसे ही किसानों ने जाम खोला तो यात्रियों की संख्या के हिसाब से बस को ऑन रूट किया गया।
-बिजेंद्र सिंह, रोडवेज जीएम जींद डिपो।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।