खुद का खेल छोड़ा, पिता के साए बिना बहन को बनाया 'गोल्डन गर्ल'; मनीषा भनवाला के लिए चट्टान बनकर खड़े रहे भाई रिंकू
मनीषा भनवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। उनकी इस सफलता में बड़े भाई रिंकू ...और पढ़ें

बहन की सफलताओं को फोटो फ्रेम के जरिए दिखाते रिंकू भनवाला
HighLights
मनीषा भनवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा
भाई रिंकू भनवाला ने मनीषा के करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाई
पिता के निधन पर भी भाई रिंकू ने मनीषा को हिम्मत दी
जागरण संवाददाता, जींद। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली देश की पहली पहलवान बनी सिवाहा गांव की मनीषा भनवाला के करियर में बड़े भाई रिंकू भनवाला का बहुत बड़ा योगदान है।
मनीषा को इस मुकाम पर पहुंचाने के लिए उसने अपने आप को पूरी तरह झोंक दिया था। रिंकू कबड्डी खेलता था। गांव में जब मैच होते थे, तो मनीषा मैच देखने मैदान में आती थी।
भाई को देखकर मनीषा के मन में कुश्ती खेलने की इच्छा हुई। जब मनीषा ने कहा कि वह कुश्ती खेलना चाहती है, तो परिवार वालों ने कहा था कि वे आर्थिक रूप से इतने अभी सक्षम नहीं कि घर से दो बच्चों को खेलों में आगे लेकर जा सकें। ऐसे में भाई रिंकू को कबड्डी खेलने दो, लेकिन मनीषा की जिद थी कि वह कुश्ती खेलेगी।
बहन का कुश्ती के प्रति लगाव देखकर रिंकू ने पिता सुरेश से कहा था कि वह गांव में ही अभ्यास कर लेगा, लेकिन मनीषा को खेलों में आगे बढ़ाना जरूरी है।
नौवीं कक्षा तक मनीषा गांव के ही स्कूल में पढ़ी। उसे निडानी स्पोर्ट्स एकेडमी भेज दिया गया। निडानी में मनीषा ने डेढ़ साल तक अभ्यास किया।
2017 में पैर में लगी चोट
इसके बाद वह समर गोपालपुर चली गई। वहां कोच देवीलाल ने उसका बहुत सहयोग दिया। वह रोहतक चौधरी छोटूराम कुश्ती अकादमी में प्रैक्टिस के लिए गई। रोहतक जाने के बाद कोच देवीलाल बीमार पड़ गए।
इस दौरान रिंकू ने रोहतक जाकर मनीषा को प्रैक्टिस करवाई। 2017 में रिंकू को पैर में चोट लगी थी। इसके बाद से ही रिंकू ने पूरा ध्यान बहन की प्रैक्टिस पर लगा दिया। मनीषा की जिंदगी में 17 अप्रैल 2022 का दिन कभी न भूलने वाला रहा।
वह सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए मंगोलिया रवाना होने वाली थी। उसी दिन हार्ट अटैक से पिता का निधन हो गया। एक तरफ पिता को खोने का गहरा दुख था और दूसरी तरफ देश के लिए खेलने की जिम्मेदारी। मनीषा ने खेल छोड़ने का मन बना लिया था और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से मना कर रही थी।
तब भाई रिंकू और परिवार के सदस्यों ने मनीषा को हिम्मत देते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भेजा। उस प्रतियोगिता में मनीषा ने सिल्वर मेडल जीता था। पिता की मौत के बाद भी भाई रिंकू व परिवार वालों ने मनीषा के कुश्ती करियर को लगातार जारी रखा।
एशियन गेम्स में पदक जीतने से चूक गई थी मनीषा
मनीषा ने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। अंतरराष्ट्रीय पहलवान मनीषा भनवाला पिछले माह संपन्न हुए एशियन गेम्स में पदक जीतने से चूक गई थी।
जापान में हुई प्रतियोगिता में मनीषा ने महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन क्वार्टर फाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में मनीषा 59 किलोग्राम भार वर्ग में खेली। 30 अक्टूबर को मनीषा ने गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया।
ये हैं मनीषा की उपलब्धियां
मनीषा ने 2016 में कैडेट विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। 2016 के दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया। 2017 की कामनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता।
साल 2018 में विश्व सैन्य खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 2022, 2023 और 2024 की एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते। 2023 और 2025 में राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। मार्च 2025 में जार्डन के अम्मान में एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के 62 किलोग्राम वर्ग में उत्तर कोरिया की खिलाड़ी को 8-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।