यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जींद में डिलीवरी के बाद जच्चा व नवजात की मौत, स्वजन ने डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप
सफीदों के अशोक वरदान अस्पताल में डिलीवरी के बाद जच्चा और नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर ...और पढ़ें

HighLights
- सफीदों में डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा की मौत
- परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया
- पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है
जागरण संवाददाता, जींद। सफीदों के अशोक वरदान अस्पताल में डिलीवरी के बाद जच्चा और नवजात की मौत हो गई। स्वजन डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए रविवार को शव लेकर अस्पताल के बाहर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। शहर थाना प्रभारी और सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। करीब तीन घंटे तक हंगामा होता रहा।
पुलिस ने अस्पताल संचालक और महिला डॉक्टर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। स्वजन को पूरे मामले की जांच के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्वजन शांत हुए और जच्चा व नवजात के शव उठा ले गए। उसके बाद पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कालेज भेज दिया।
12 सितंबर की रात को असंध के वार्ड 15 निवासी साहिल की पत्नी आरती को डिलीवरी के लिए स्वजन सफीदों के महात्मा गांधी मार्ग स्थित अशोक वरदान अस्पताल में लेकर आए थे। 13 सितंबर को डिलीवरी हुई और महिला ने बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद महिला का रक्तस्राव नहीं रुका और नवजात बच्ची के मुंह में भी गंदा पानी चला गया।
इसके बाद नवजात को करनाल और महिला को खानपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जब वे नवजात को करनाल लेकर जाने लगे तो रास्ते में बच्ची की मौत हो गई। वहीं उपचार के दौरान महिला आरती की भी खानपुर मेडिकल कालेज में मौत हो गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही आरती और नवजात बच्ची की मौत हुई है।
रविवार सुबह स्वजन आरती और नवजात का शव लेकर अस्पताल के बाहर आ गए और हंगामा शुरू कर दिया। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार और सदर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्वजन को समझाने का प्रयास किया। स्वजन नहीं माने और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई पर अड़े रहे।
महिला में पहले से खून की कमी थी: संचालक
अस्पताल संचालक अशोक ने कहा कि महिला में पहले से ही खून की कमी थी। डिलीवरी के बाद उन्होंने स्वजन को ब्लड लेकर आने के लिए बोला था, लेकिन वे न तो जींद गए और न ही पानीपत। इसलिए उन्होंने महिला को रेफर कर दिया। जब महिला यहां से रफर होकर गई थी, उस वक्त वह ठीक थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी कार्रवाई
सफीदों शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर पीजीआई भेजा गया है। जो भी रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी। इस मामले में कोई लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित करने के लिए भी लिखा है। अस्पताल संचालक और महिला डॉक्टर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था।
