जींद में साइबर ठगों ने शख्स को लगाया चूना, अमेरिका में रहनेवाला भतीजा बन ठगे 10 लाख; केस दर्ज
जींद में एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने अमेरिका में रहने वाले भतीजे के रूप में 10 लाख रुपये का चूना लगाया। पीड़ित हवा सिंह ने पुलिस को बताया कि उसे एक कॉल आई जिसमें भतीजे के संकट में होने की बात कही गई थी। बाद में पता चला कि यह धोखा था। साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, जींद। साइबर ठगों ने अमेरिका में रहने वाला भतीजा बनकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये हड़प लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जीतगढ़ निवासी हवा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका रिश्ते में भतीजा लगने वाला एक युवक अमेरिका में रहता है। आठ सितंबर को उसके पास काल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह अमेरिका से उसका भतीजा बोल रहा है। वह अमेरिका में संकट में फंस गया है और एजेंट को 10 लाख रुपये देने हैं। कॉल करने वाले व्यक्ति को अपना भतीजा समझ कर उसके बताए अनुसार 10 लाख रुपये खाते में डाल दिए।
11 सितंबर को उसके पास दोबारा तीन लाख रुपये के लिए फोन आया। लेकिन वह इन पैसों की व्यवस्था नहीं कर सका। इसलिए उसने अपने एक जानकार से पैसे मांगे। उस जानकार ने कहा कि पैसे ट्रांसफर करने से पहले एक बार वीडियो काल से बात कर ले। जब उसने वीडियो काल पर बात करने का प्रयास किया, तो उक्त व्यक्ति ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद अपने भतीजे से बात की, तो पता चला कि उसने तो पैसे के लिए काल नहीं की थी। तब उसे ठगी होने का अहसास हुआ।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हवा सिंह की शिकायत पर अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।