नहर, शराब और मछली...; मिले दो युवक के शव, एक ही महिला से दोनों ने की थी शादी
झज्जर में जवाहरलाल नेहरू नहर से दो युवकों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान अमित सिंह और लक्ष्मण सदा के रूप में हुई है जो 3 जुलाई को एक महिला के साथ शराब पीने के दौरान नहर में डूब गए थे। दोनों एक ही महिला के साथ रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, झज्जर। क्षेत्र में जवाहरलाल नेहरू कैनाल पर स्थित बाकरा हेड से आगे लोहारू फीडर में बड़ वाली पुलिया के एरिया में दो युवकों के शव बरामद हुए हैं। जिनकी पहचान राेहतक के गांधी नगर निवासी अमित सिंह पुत्र यशपाल सिंह व बिहार के खगरिया जिले के छोटी बलहा गांव निवासी लक्ष्मण सदा पुत्र चानू सदा के रूप में हुई है।
लक्ष्मण की पहचान हाथ पर गुदे हुए ओम व त्रिशूल के एक टैटू से संभव हो पाई है। बहरहाल, स्वजनों की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम करवाए गए हैं। पुलिस की जांच के अनुसार उक्त दोनों, बीती 3 जुलाई को अपनी पत्नी (एक ही महिला के साथ रहते थे) के साथ रोहतक नहर पर आए हुए थे। तीनों ने वहां बैठकर शराब का सेवन किया।
वहां किन परिस्थितियों में क्या और कैसे हुआ, स्पष्ट नहीं है, लेकिन दोनों युवक नहर में गिर गए। जो नशे की वजह से गहरे पानी में डूबते गए। मामले की जानकारी जब पुलिस को दी गई तो आईएमटी रोहतक पुलिस में मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कोई सफलता नहीं मिली। इसी बीच शनिवार की देर शाम दोनों के शव पानी के साथ बहकर लोहारू फीडर में पहुंचे। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस ने अन्य पुलिस थानों को भी दी। जिसके आधार पर पहचान संभव हो पाईं।
एक महिला से की थी दोनों ने शादी
गांधीनगर निवासी मृतक की बहन नरेंद्र कौर का कहना है कि उसका भाई अमित सिंह बिहार की खगरिया जिले के छोटी बलहा गांव निवासी लक्ष्मण सदा की पत्नी के साथ पहले रिलेशनशिप में था और साल 2024 में उन्होंने लव मैरिज कर ली थी।
इसके बाद से लक्ष्मण दास व अमित दोनों एक साथ एक ही महिला के साथ रहते थे और उन्हें किसी प्रकार का कोई मनमुटाव नहीं था। दोनों सगे भाइयों से भी बढ़कर रहते थे। 3 जुलाई को यह दोनों इसी महिला के साथ आटो में बैठकर गांधीनगर से निकलने वाली जवाहरलाल नेहरू कैनाल की पटरी पर शराब पी रहे थे।
इसी दौरान वे अपने आप नहर में गिरे या किसी को गिराने के चक्कर में दोनों गिर गए, पता नहीं चला। क्योंकि साथ में मौजूद रही महिला भी नशे की हालत में थी। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उस समय इतनी नशे में थी कि कुछ सही बताने की स्थिति में नहीं थी। उसका कहना है कि यह दोनों महिला के साथ लेबर का काम करते थे। लक्ष्मण सदा के महिला से पांच बच्चे हैं, जबकि अमित का कोई बच्चा नहीं था।
बहन ने झगड़े का लगाया आरोप
मृतक अमित की बहन नरेंद्र कौर का कहना है कि कुछ समय पहले उसके भाई का पड़ोसी से झगड़ा हुआ था और उसके भाई पर पड़ोसी अपने मकान में रहने के लिए दबाव डाल रहा था। जिसको लेकर उनके बीच लाठी डंडे भी चले थे और इसकी शिकायत देने के लिए रोहतक पीजीआई थाने में भी पहुंचे थे।
दो बोतल शराब व एक किलो ली थी मछली
अस्पताल में पहुंची महिला के मुताबिक तीन जुलाई की शाम काे उन्होंंने एक किलो मछली व दो शराब की बोतल ली थी। मछली पकाने के बाद व आटो में बैठकर नहर पर चले गए। जहां पर उन्होंने इंज्वाय किया। जब उसे नशा हो गया था। उसके बाद वे पानी में कैसे डूबे इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। वे किराए के मकान में रोहतक के गांंधी नगर में रहते हैं।
तीन जुलाई को पुलिस को दो युवकों के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सर्च अभियान भरी चलवाया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। शनिवार की शाम को बेरी थाना क्षेत्र में शव बरामद हो गए हैं। दोनों की पहचान करवा दी गई है।
- कुलवीर सिंंह, जांच अधिकारी आईएमटी थाना, रोहतक।
बाकरा हैड से आगे बड़ वाली पुलिया के पास दो शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम व पहचान के लिए सामान्य अस्पताल में भेज दिया था। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर स्वजनों को सौंप दिया है।
दोनों युवक एक ही महिला के साथ रोहतक में रहते थे। ऐसा संज्ञान में आया है और उसी के साथ ही उन्होंने नहर पर शराब पी थी।
- योमेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना बेरी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।