एक-एक गज जमीन दान लेकर खटीक सभा एनसीआर में बनाएगी छात्रावास
- प्रदेश कार्यकारिणी का गठन सुरजीत चावला बने प्रदेशाध्यक्ष जल्द होगा विस्तार ...और पढ़ें

- प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, सुरजीत चावला बने प्रदेशाध्यक्ष, जल्द होगा विस्तार - महीने के अंतिम रविवार को बेरी में होगी बैठक, हर रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी बैठेगी बेरी फोटो : 15 जेएचआर 3, 4, 10
जागरण संवाददाता,झज्जर : हरियाणा प्रदेश खटीक समाज सभा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए एनसीआर क्षेत्र में छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। खासकर रोहतक के आसपास छात्रावास का निर्माण करने की अधिक प्रयास है। क्योंकि शिक्षा के लिए रोहतक हब है और दिल्ली में भी काफी युवा पढ़ रहे हैं। उन्हें पढ़ने के लिए कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए यह कदम उठाया जाएगा। इसके लिए समाज के लोगों से एक-एक गज जमीन दान में ले रहे हैं। इसके लिए प्रति गज के हिसाब से 2100 रुपये लिए जा रहे हैं। वहीं एक एकड़ में छात्रावास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी हरियाणा प्रदेश खटीक समाज सभा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत चावला ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत चावला ने बताया कि हाल ही में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। जिसमें उन्हें सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। वहीं सोहना से पूर्व आयकर अधिकारी राजेंद्र सिंह बागड़ी को उप प्रधान व धर्मेंद्र बसवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही चंचल चावला, रोहित कटारिया, मा. कृष्ण बसवाल को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अब इसके विस्तार पर भी ध्यान दिया जाएगा, इसके लिए सदस्यता अभियान चलाएंगे। वहीं जल्द ही जिला स्तर पर भी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। सभा का उद्देश्य शिक्षा को बढ़ावा देना हैं, इसके लिए वे सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी करवाएंगे और युवाओं को पढ़ाई के लिए जागरूक भी करेंगे।
सुरजीत चावला ने कहा कि खटीक समाज के शिरोमणि संत दुर्बल नाथ के नाम से सरकार छुट्टी की घोषणा करे। उनके विचारों को पुस्तकों में भी स्थान दे। उप प्रधान राजेंद्र सिंह बागड़ी ने कहा कि समाज के लोग आगे आकर एक-दूसरे की मदद करें। जो जानकार हैं, वे अन्य लोगों की मदद करके उनको सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। साथ ही सेवानिवृत्त लोगों की भी मदद ली जाएगी। आपसी भाईचारे से निपटाए जाएंगे मामले बॉक्स : प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत चावला ने कहा कि अब सामाजिक मामले कोर्ट की बजाए बेरी मुख्यालय में ही निपटाए जाएंगे। ताकि आपसी विवादों को जड़ से खत्म किया जा सके और समाज में भाईचारे को कायम किया जाए। बेरी स्थित करीब 110 वर्ष पुरानी धर्मशाला में मुख्यालय बनाया गया है। पहले भी यह धर्मशाला समाज के लिए सुप्रीम कोर्ट का काम करती आई है। उसी प्रकार अब उसी तरह मामलों का निपटारा किया जाएगा। जहां पर प्रदेश कार्यकारिणी प्रत्येक रविवार को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बैठेगी। वहीं महीने के अंतिम रविवार को कार्यकारिणी की बैठक भी होगी। इस दौरान कोई भी कार्यकारिणी से मिल सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।