Haryana News: साल्हावास क्षेत्र की हर्षिता यादव बनीं मिस हरियाणा 2025, राज्य का बढ़ाया मान
साल्हावास क्षेत्र की हर्षिता यादव ने मिस हरियाणा 2025 का खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। सीआरपीएफ कमांडेंट विजयपाल सिंह की बेटी हर्षिता ने आत्मविश्वास और प्रतिभा से यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से हरियाणा की युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। हर्षिता ने भविष्य में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रसार पर ध्यान देने की बात कही। यह पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है।

संवाद सूत्र, साल्हावास। क्षेत्र की धरती ने एक बार फिर गौरव का अवसर प्राप्त किया है। क्षेत्र के गांव गोरिया की पहचान से जुड़ी हर्षिता यादव ने बीते रविवार दिल्ली में आयोजित भव्य प्रतियोगिता में मिस हरियाणा 2025 का खिताब अपने नाम किया।
घोषित हुए नतीजों में हर्षिता ने हिस्सा ले रही अन्य प्रतिभाओं को पछाड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया। हर्षिता यादव, उषा यादव की सुपुत्री हैं, उनके पिता विजयपाल सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। विजयपाल सिंह को अगस्त 2002 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा पुलिस गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया था। परिवार की इस गौरवशाली पृष्ठभूमि ने हर्षिता को हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
देखा जाए तो हर्षिता की सफलता केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। प्रतियोगिता में उन्होंने आत्मविश्वास, प्रतिभा और मंच पर शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीता। परिवार का मानना है कि हर्षिता की उपलब्धि हरियाणा की युवा पीढ़ी को फैशन और मॉडलिंग की दुनिया में नए अवसर तलाशने की दिशा दिखाएगी।
साथ ही, यह संदेश भी देती है कि मेहनत और आत्मविश्वास से ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकली बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं। जबकि, हर्षिता ने खिताब जीतने के बाद अपने वक्तव्य में कहा कि वे भविष्य में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रसार पर काम करना चाहेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।