कौन होगा हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष, जिलाध्यक्षों की पसंद को तवज्जो देगा हाईकमान
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई नेता दौड़ में हैं। पार्टी जातिगत समीकरणों को साधने के लिए जिलाध्यक्षों की राय लेगी। राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को महत्व देने की बात कही है। जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि जल्द ही नाम की घोषणा होगी और राहुल गांधी इस प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। संगठन सृजन मुहिम की एक सीढ़ी पार करने के बाद कांग्रेस हाईकमान हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया को पूरी करने की तैयारी में लग गया है। अध्यक्ष के लिए छह से अधिक दावेदार हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जिलाध्यक्ष चुनने की तरह ऐसे नाम पर मुहर लगाएगा जो पार्टी को गुटबाजी से हटकर पार्टी लाइन पर आगे चलकर संगठन को मजबूत करे। इसके लिए जिलाध्यक्षों की भी सहमति ली जाएगी। जरूरत पड़ी तो वोटिंग भी कराई जा सकती है। पार्टी की नजर जातीय संतुलन पर भी है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले ही की चुके हैं कि पार्टी जिलाध्यक्ष को इतना महत्व देगी कि उनसे लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार चुनने के समय राय ली जाएगी। शर्त यह भी है कि खुद किसी चुनाव में उम्मीदवार बनने के लिए जिलाध्यक्ष को पार्टी हाईकमान को कम से कम एक साल पहले बता कर पद छोड़ना पड़ेगा।
जिलाध्यक्षों को जिला कार्यकारिणी के सदस्य तथा पदाधिकारी चुनने के लिए एक माह का समय दिया गया है। गुरुग्राम, रेवाड़ी महेंद्रगढ़ सहित कई जिलों में इसके लिए जिलाध्यक्ष बैठक भी कर चुके हैं। बीस सितंबर तक संभावित पदाधिकारियों के नाम पार्टी मुख्यालय को भेज दिए जाएंगे। दरअसल कार्यकारिणी के बल पर ही जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अपने वीटो पावर का प्रयोग करेंगे।
कार्यकारिणी को बनाने में जातीय संतुलन बनाए जाने पर जोर देने के निर्देश जिलाध्यक्ष को पार्टी मुख्यालय की ओर से पहले ही दिए जा चुके हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा संगठन विस्तार की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चल रही संगठन सृजन की मुहिम पर राहुल गांधी खुद नजर बनाए हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।