Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दादा रहे मुख्यमंत्री, पत्नी हैं IAS; पढ़ें कौन हैं भव्य बिश्नोई जिन्हें BJP ने दिया विधानसभा चुनाव का टिकट

    Updated: Sat, 07 Sep 2024 05:16 PM (IST)

    भारतीय जनता पार्टी ने हिसार की आदमपुर विधानसभा सीट से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई (Who is Bhavya Bishnoi) पर विश्वास जताया है। भव्य इस सीट से 2022 के उपचुनाव में विजयी हुए थे। भव्य बिश्नोई युवा नेता के रूप में जाने जाते हैं। पिछले साल उन्होंने आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई से विवाह किया था। परी राजस्थान के बीकानेर से हैं।

    Hero Image
    भव्य बिश्नोई ने पिछले साल परी बिश्नोई से विवाह किया था

    डिजिटल डेस्क, हिसार। Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चार सितंबर को भारतीय जनता पार्टी ने 67 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। इस लिस्ट में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल बिश्नोई के पोते और विधायक भव्य बिश्नोई (Bhavya Bishnoi) का नाम भी शामिल है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बीजेपी ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें हिसार की आदमपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। साल 2022 में हुए उपचुनाव में भव्य इस सीट से जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। भव्य बिश्नोई ने पिछले साल दिसंबर में राजस्थान की निवासी आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई (Pari Bishnoi) से विवाह किया था। उन दिनों दोनों काफी ट्रेंड में रहे थे।

    परी बिश्नोई से रचाई शादी

    16 फरवरी 1993 में भव्य बिश्नोई ने कुलदीप बिश्नोई और रेणुका बिश्नोई के घर जन्म लिया। बिश्नोई एक ऐसा परिवार जिसकी जड़े राजनीति में काफी गहरी थीं। उनके दादा भजनलाल बिश्नोई प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री भी रहे। 31 वर्षीय भव्य बिश्नोई ने पिछले साल दिसंबर में परी बिश्नोई से शादी की थी। 

    उनकी शादी में सिर्फ हरियाणा ही नहीं बल्कि सात राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 4 लाख से ज्यादा मेहमानों ने शिरकत की थी। विवाह में वीवीआईपी मेहमानों सहित आम लोगों को भी न्योता दिया गया था।

    कौन हैं परी बिश्नोई

    राजस्थान के बीकानेर काकड़ा गांव की निवासी परी बिश्नोई (Who is Pari Bishnoi) ने साल 2019 में यूपीएससी में ऑल इंडिया रैंक में 30वां नंबर अख्तियार किया था। उन्होंने तीसरे प्रयास में यह एग्जाम क्लियर किया। परी को सिक्किम कैडर में तैनाती मिली थी। लेकिन विवाह के कारण उन्होंने अपना कैडर चेंज करवाकर हरियाणा करवा लिया।

    पिछले साल 22 दिसंबर को उन्होंने भव्य बिश्नोई के साथ राजस्थान के उदयपुर में शादी की थी। परी ने अपना ग्रेजुएशन दिल्ली विश्वविद्यालय तो पोस्ट ग्रेजुएशन अजमेर के एमडीएस विश्वविद्यालय से किया।

    बिश्नोई परिवार का गढ़ है आदमपुर

    हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट बिश्नोई परिवार का गढ़ मानी जाती है। इस सीट पर भजनलाल ने 9 बार विधानसभा चुनाव जीता है। वहीं भव्य की दादी जसमा देवी भी इस सीट से विधायक रही हैं। भव्य के पिता कुलदीप बिश्नोई इस सीट से चार बार विधायक रहे हैं। वहीं वर्तमान में भव्य बिश्नोई इस सीट से विधायक हैं। वह आगामी चुनाव में फिर भाजपा के टिकट पर इस सीट से मैदान में उतर रहे हैं।

    2022 के उपचुनाव से की विधानसभा में एंट्री

    पिछले विधानसभा चुनाव में आदमपुर सीट से कुलदीप बिश्नोई (Kuldeep Bishnoi) ने कांग्रेस के टिकट से यह रण फतेह किया था। लेकिन साल 2022 में जून में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस ने उन्हें सभी पदों से बर्खास्त कर दिया।

    इसके बाद बिश्नोई ने राज्यपाल ज्ञानचंद गुप्ता को अपना इस्तीफा दे दिया और वह भाजपा में शामिल हो गए। साल 2022 में नए सिरे से आदमपुर के लिए उपचुनाव हुआ और भाजपा ने इस सीट से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को टिकट दिया और वह विजयी हुए। भव्य ने कांग्रेस उम्मीदवार को 15740 वोटों के अंतर से हराया था।