Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फिर सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा में 5 सितंबर तक बारिश और बाढ़ का हाई अलर्ट; 5 की मौत

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 07:49 AM (IST)

    हरियाणा में भारी वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा में घग्गर नदी खतरे के निशान से ऊपर है। सरकार ने अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपना दुबई दौरा रद्द कर दिया है। वर्षा के कारण फतेहाबाद सिरसा करनाल और नारनौल में कई लोगों की मौत हो गई है।

    Hero Image
    हरियाणा में वर्षा-बाढ़ का हाई अलर्ट, पांच की मौत। फाइल फोटो

    जागरण टीम, हिसार/पानीपत/चंडीगढ़। हरियाणा में वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा में घग्गर नदी अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। फरीदाबाद में यमुना और कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी शनिवार से ओवरफ्लो हैं। मौसम विभाग ने रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 36 से 48 घंटों के लिए भारी वर्षा का हाई अलर्ट जारी किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, वर्षा के कारण हालात बिगड़ते देख सरकार ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। उन्हें अपने स्थानों से बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी अपना दो से पांच सितंबर तक का संयुक्त अरब अमीरात के दुबई का दौरा रद कर दिया है। दूसरी ओर, वर्षा के कारण कई हादसे भी सामने आए हैं।

    फतेहाबाद के जाखल में गड्ढे में कार पलट जाने से कुलां निवासी 20 वर्षीय अमन की मौत हो गई। उसके चार स्वजन को पुलिस ने बचा लिया। वहीं, फतेहाबाद के ही खाराखेड़ी गांव में मकान की कच्ची छत गिरने से मलबे में दबकर 27 वर्षीय सोनू की मौत हो गई। सिरसा के गांव खुइयां नेपालपुर में भी मकान की छत गिरने से 50 वर्षीय पप्पू की मौत हो गई।

    करनाल के गांव सीतामाई में 15 वर्षीय ईशांत की करंट लगने से जान चली गई। जबकि नारनौल में बांध टूटने से पानी खेतों में भर गया, जिससे एक किसान की डूबने से मृत्यु हो गई। चरखी दादरी में नाले में एक बालक का शव मिला है। नूंह के गांव गोधौली में चार भाइयों के मकान वर्षा के कारण ढह गए।

    हिसार जिले में रविवार को मात्रश्याम ड्रेन, उकलाना के गांव दौलतपुर में माइनर, न्यौली कला में घग्गर ड्रेन टूटी गई।।वहीं, आर्य नगर और बरवाला के बिजली घर में जलभराव होने से सप्लाई 10 घंटे बंद करनी पड़ी।

    अगस्त में वर्षा का 13 साल का रिकॉर्ड टूटा

    हरियाणा में 13 साल बाद अगस्त के महीने में वर्षा का रिकॉर्ड टूट गया है। 30 अगस्त तक प्रदेश में 188 मिलीमीटर वर्षा हुई है। ये सामान्य से 30 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है। अभी 31 अगस्त की आधी रात तक आंकड़ें इसमें दर्ज भी नहीं हुए हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो इससे पहले वर्ष 2012 के अगस्त माह में 195.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई थी।

    हरियाणा में इस बार पूरे मानसून सीजन में अभी तक 438 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो सामान्य से 24 फीसदी अधिक है। प्रदेश में पिछले साल भी अगस्त में 186.6 एमएम वर्षा दर्ज हुई थी। इससे पहले तीन साल में अगस्त में 100 मिलीमीटर से भी कम बारिश दर्ज की जा रही थी।

    पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पांच सितंबर तक वर्षा का अलर्ट 

    सितंबर के पहले सप्ताह में 1 से 5 सितंबर के दौरान प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान हिसार, सिरसा, भिवानी, जींद, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत सहित प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

    कुरुक्षेत्र में मारकंडा का पानी एसवाईएल में छोड़ा

    कुरुक्षेत्र के झांसा में रविवार को मारकंडा के पानी को लेकर किसान और प्रशासन में ठन गई थी। किसानों की मांग उफनती मारकंडा का पानी सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। पांच घंटे तब चली कशमकश के बाद प्रशासन ने मारकंडा से करीब 1200 क्यूसेक पानी एसवाईएल में छोड़ा।