Haryana Weather: हरियाणा में फिर बदला मौसम, वर्षा से बिगड़े हालात; तीन दिनों तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ने से कई जिलों में भारी वर्षा हुई। फतेहाबाद में सड़कों पर जलभराव हुआ जिससे यातायात प्रभावित रहा। वर्षा जनित हादसों में फरीदाबाद और चरखी दादरी में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई जबकि चरखी दादरी में बिजली गिरने से गोवंश की भी हानि हुई। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया जिसके चलते मुख्यमंत्री का वन महोत्सव कार्यक्रम रद्द किया गया।
जागरण टीम, हिसार/पानीपत। भादो माह में हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ी है। रविवार को भिवानी, हिसार, महेंद्रगढ़, रोहतक, जींद, कैथल, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, रोहतक, फतेहाबाद, सिरसा, झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी और अंबाला में वर्षा हुई। प्रदेश भर में रविवार को लगे झड़ ने मौसम विभाग के अगस्त तक मानसून के अनुमान को भी पार कर लिया है।
23 अगस्त तक ही मानसून की अनुमान से 10 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हो चुकी है। रविवार देर रात तक की वर्षा इस रिकार्ड को और बढ़ाएगी। प्रदेश में वर्षा को लेकर हालात की बात करें तो फतेहाबाद में थोड़ी देर की बारिश से ही शहर की सड़कों पर पानी भर गया।
जवाहर चौक से डीएसपी रोड तक जलभराव हो गया, जिससे बाइक सवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वर्षा जनित हादसों में फरीदाबाद और चरखी दादरी में दो लोगों की मौत हुई है।
बता दें, रविवार को प्रदेश में मानसून की इस सक्रियता को लेकर मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया था। इसी अलर्ट के चलते रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सोनीपत में होने वाला वन महोत्सव कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया था।
चरखी दादरी के गांव में बिजली गिरने से गोवंश भी मरे
फरीदाबाद के गांव सिही के तालाब में अपने तीन दोस्तों के साथ नहाने के लिए गए पांचवीं कक्षा के छात्र वारिस (12) की डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा चरखी दादरी के गांव सांकरोड में पशुओं को जोहड़ में पानी पिलाने गए 16 वर्षीय नकुल की भी डूबने से मौत हो गई।
नकुल का शव जोहड़ से डेढ़ घंटे में निकाला जा सका। इसके अलावा चरखी दादरी के ही गांव दगड़ौली में आसमानी बिजली गिरने से गाय व बछिया की मौत हो गई।
जिले में ये रहा अहम
- फतेहाबाद में रविवार को 22 दिन बाद वर्षा हुई
- रोहतक शहर में आई आंधी में कई पेड़ भी गिरे
- बहादुरगढ़ में पिछले 36 घंटे में 22 एमएम वर्षा हुई
- हथनी कुंड बैराज में जलस्तर 44 हजार क्यूसेक दर्ज किया है, ये घटा है
- हिसार के हांसी-नारनौंद में चार घंटे बिजली ठप रही वर्षा के कारण
हरियाणा में 3 दिन का मौसम पूर्वानुमान
- 25 अगस्त: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- 26 अगस्त: यमुनानगर, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल में तेज वर्षा होगी, अन्य में बूंदाबादी की संभावना
- 27 अगस्त: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर में बूंदाबांदी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।