Tokyo Paralympic: भिवानी की अरुणा के हौसले बुलंद : टाेक्यो पैरालिंपिक मैदान में दो को दिखाएगी दम
भिवानी की ताइक्वाइंडो खिलाड़ी अरुणा तंवर टोक्यो पैरालिंपिक में दो सितंबर को पदक हासिल करने के लिए मैदान में उतरेगी। वह बुलंद हौसले के साथ टोक्यो ग्राउंड पर अभ्यास कर रही हैं। इस खिलाड़ी के भार वर्ग में 12 खिलाड़ी हैं

सुरेश मेहरा, भिवानी : मिनी क्यूबा भिवानी की ताइक्वाइंडो खिलाड़ी अरुणा तंवर टोक्यो पैरालिंपिक में दो सितंबर को पदक हासिल करने के लिए मैदान में उतरेगी। वह बुलंद हौसले के साथ टोक्यो ग्राउंड पर अभ्यास कर रही हैं। इस खिलाड़ी के भार वर्ग में 12 खिलाड़ी हैं जिनमें से 10 को वह वर्ष 2018 में जार्डन में हुई एशियन चैंपियनशिप और वर्ष 2019 में टर्की में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में हरा चुकी हैं। वर्ल्ड रैंकिंग नंबर एक प्राप्त टर्की की खिलाड़ी विक्टोरिया मर्चूक और वर्ल्ड रैंकिंग नंबर दो प्राप्त सर्बिया की खिलाड़ी ही हैं जिनसे पार पाना है। इसके लिए वह प्रतिदिन दो घंटे पसीना बहा रही हैं। अरुणा की माने तो टोक्यो का मैदान उनको खूब रास आ रहा है। बतौर उनके वह खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर जरूर खरा उतरेंगी।
के -44 और अंडर 49 किलो भार वर्ग में खेलेगी अरूणा
ताइक्वाइंडो खिलाड़ी गांव दिनोद निवासी अरूणा तंवर टोक्यो पैरालिंपिक में के-44 और अंडर 49 किलो भार वर्ग में अपना दमखम दिखाएगी। वह यहां टोक्यो में प्रतिदिन दिन अपने कोच के साथ सुबह दो घंटे अभ्यास कर रही हैं।
गुरुजी और राष्ट्रीय कोच का मार्गदर्शन दिलाएगा मुकाम
अरुणा तंवर ने दूभाष पर बातचीत में बताया कि पैरालिंपिक में उन्होंने खुद को मौसम के अनुकूल ढाल लिया है। यहां पर ताइक्वांडो की बारीकियां और ज्यादा सीखी हैं। कोच गुरुजी अशोक कुमार और राष्ट्रीय कोच स्वराज कुमार सिंह का मार्गदर्शन और उनके द्वारा सिखाई गए खेल के गुर मुकाम तक जरूर पहुंचाएंगे। इसका पूरा भरोसा है।
भिवानी की अरुणा के नाम अब तक ये हैं उपलब्धियां :
* वर्ष 2018 में कोरिया किमांग कप अंतरराष्ट्रीय पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड।
* पांच बार की नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट।
* वर्ष 2018 में वियतनाम में हुई चौथी ताइक्वांडो चैंपियनशिप मेें रजत पदक
* वर्ष 2019 में इरान में हुए एशियन रिजन प्रेसिडेंट कप में रजत पदक।
* वर्ष 2019 में तुर्की में हुई वर्ल्ड पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
* वर्ष 2019 में जार्डन में हुई एशियन पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।