Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में आज 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, हिसार-घग्गर ड्रेन टूटने से हजारों एकड़ फसल डूबी

    Updated: Sun, 31 Aug 2025 07:41 AM (IST)

    हरियाणा में भारी बारिश से मारकंडा और घग्गर नदियां उफान पर हैं जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। यमुना का तटबंध टूटने से फरीदाबाद में पानी भर गया है जबकि हिसार में ड्रेन टूटने से फसलें डूब गई हैं। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांव प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

    Hero Image
    हरियाणा में आज 12 जिलों में बारिश की संभावना है। फाइल फोटो

    जागरण टीम, हिसार/पानीपत। प्रदेश में शनिवार को मारकंडा और घग्गर उफान पर रही। फरीदाबाद में यमुना का तटबंध टूट गया। हिसार-घग्गर ड्रेन की पटरी तीन जगह से टूट गई। इससे हजारों एकड़ में फसल फिर डूब गई। विभाग ने रविवार के लिए 12 जिलों में वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिरसा में वीरवार-शुक्रवार की रात एक मकान की छत गिर गई। मलबे में दबने से एक महिला की मौत हो गई। चार अन्य स्वजन गंभीर रूप से घायल हो गए। अंबाला में टांगरी नदी अब शांत हो गई है। इससे अंबाला शहर के जलजमाव ग्रस्त आबादी वाले इलाकों में लोगों को राहत मिली है। गलियों व घरों से पानी उतरना शुरू हो गया है।

    उधर, कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी शुक्रवार को ओवरफ्लो हो गई। तटवर्ती गांव कठवा गांव की गलियों में पानी भर गया। मारकंडा का जलस्तर लगभग 26 हजार क्यूसेक तक रहा। सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई। फरीदाबाद में मंझावली के पास गांव चिरस के खेतों में यमुना का पानी घुस गया। गांव की ओर नदी पर बनाया तटबंध भी टूट गया है।

    सिरसा में घग्गर नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई है। ग्रामीणों ने गुरुद्वारों व मंदिरों से मुनादी करा लोगों को रात के समय घग्गर नदी पर पहरेदारी करने को कहा है। सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण विभिन्न जगह तटबंध पर जुटे हैं।

    इस बार 15वीं बार खतरे के निशान पर पहुंची है मारकंडा

    कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी खतरे के निशान पर है। शनिवार सुबह दस बजे तक मारकंडा नदी में 26,234 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। सुबह ये 25399 क्यूसेक था। इस साल 15वीं बार मारकंडा नदी उफान पर है। मारकंडा में जलस्तर 15 हजार क्यूसेक को पार करने के बाद खतरा बढ़ जाता है।

    नहरी विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला अंब और नाहन में लगातार हुई बारिश से मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ा है। वहीं, अंबाला के मुलाना में भी नदी में पानी का जलस्तर बढ़ा है। यहां नदी में 23,548 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है।

    मौसम विभाग का आज 12 जिलों में वर्षा का अलर्ट

    चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, नूंह, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, पलवल, फरीदाबाद में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज वर्षा का भी अलर्ट विभाग ने जारी किया है।

    भिवानी में घग्गर ड्रेन हुई ओवरफ्लो सैंकड़ों एकड़ में जलभराव

    जिले के गांव रतेरा में भिवानी-घग्गर ड्रेन के ओवरफ्लो हो गई है। सैंकड़ों एकड़ जमीन में जलभराव हुआ है। किसानों के अनुसार धान, बाजरा, कपास और ग्वार की फसलें बर्बाद हो गई हैं।

    हिसार में तीन गांवों में टूटी ड्रेन, ढाणियों से लोगों का पलायन

    हिसार में शनिवार को हिसार-घग्गर ड्रेन तीन जगह से टूट गई। शनिवार को ड्रेन गांव गंगवा, शाहपुर के पास टूट गई। दोपहर बाद आदमपुर में भी ड्रेन टूट गई। सैंकड़ों एकड़ खेत में जलभराव हुआ है। गांव में ढाणियों से लोगों को पलायन करना पड़ा है। हांसी में कई ड्रेन ओवरफ्लो चल रही हैं।

    अगस्त में हो चुकी पूरे प्रदेश में 29 प्रतिशत अधिक वर्षा

    भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगस्त माह में ही 29 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। प्रदेश में 145.5 सामान्य रूप से वर्षा होने थी लेकिन वह 188.1 प्रतिशत वर्षा का आंकड़ा दर्ज किया गया। इसी प्रकार प्रदेश में 3 सितंबर तक तेज वर्षा की चेतावनी है।