राहुल गांधी करेंगे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण, बेटे कुलदीप बिश्नाेई ने किया ट्वीट
राहुल गांधी 6 अक्टूबर को वर्चुअल माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि हमें खुशी है कि हमारे नेता राहुल गांधी ने हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए चौ. साहब की प्रतिमा अनावरण करने के लिए अपनी सहमती प्रदान की।

जागरण संवाददाता, हिसार। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 6 अक्टूबर को वर्चुअल माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह जानकारी देते हुए आज कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि हमें खुशी है कि हमारे नेता राहुल गांधी ने हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए चौ. साहब की प्रतिमा अनावरण करने के लिए अपनी सहमती प्रदान की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल हमें आशीर्वाद देने के लिए स्वयं आदमपुर पधार रहे हैं। पूरे देश में भजनलाल की 16 प्रतिमाएं लगाई जाएंगी, जिनकी शुरूआत 6 को उनके समाधि स्थल जन प्रेरणा स्थल मंडी आदमपुर से हो रही है।
बता दें कि चौधरी भजनलाल हरियाणा की राजनीति का बड़ा नाम रहे तो केंद्र सरकार बनाने गिराने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही। भजनलाल का परिवार आदमपुर सीट पर कभी नहीं हारा है। उनके परिवार का राजनीति में बड़ा कद रहा। भजनलाल को जब सीएम नहीं बनाया गया था तो कुलदीप बिश्नोई ने जनहित कांग्रेस नाम की पार्टी बनाई। उन्होंने विधानसभा चुनावों में छह सीटें भी जीतीं। मगर उनके कुछ विधायकों ने कांग्रेस को ही समर्थन दे दिया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने फिर से कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली थी।
बीते लाेकसभा चुनावों में कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई हिसार से काग्रेंस की सीट पर चुनाव लड़े। उनकी रैली में खुद प्रचार करने के लिए प्रियंका गांधी पहुंची थी, मगर वो जीत नहीं सके। मगर कुलदीप बिश्नोई की पैठ कम नहीं हुई। बीते विधानसभा चुनावों में उन्होंने अपने लिए हमेशा की तरह आदमपुर सीट प्राप्त की तो साथ ही नलवा सीट पर अपने दोस्त रणधीर पनिहार का नाम पक्का कर लिया। इससे नलवा विधानसभा हलके का टिकट हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री संपत सिंह के हाथ से निकल गया था। वहीं उनके दोस्त रणधीर पनिहार नलवा सीट पर हार गए थे और बीजेपी प्रत्याशी रणबीर सिंह गंगवा यहां से अब विधायक हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।