हिसार में 25 हजार से अधिक घरों में हो रही गंदे पानी की सप्लाई, दूषित जल पीने से हो रही कई तरह की बीमारियां
हिसार के आजाद नगर में जलभराव के बाद 25 हजार घरों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। प्रशासन ने पानी निकालने के लिए अस्थाई पाइप लगाए हैं। नहर में गंदा पानी मिलने से स्थिति और खराब हो गई है। लोग पीने के पानी के लिए नलकूपों पर निर्भर हैं और कैंपर मंगवाने को मजबूर हैं।

जागरण संवाददाता, हिसार। जलभराव के बाद आजाद नगर क्षेत्र की कई कॉलोनियों में अब दूषित जल की समस्या हो गई है। यहां पर 25 हजार से ज्यादा घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। जिसे पीकर लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। प्रशासन की ओर से कॉलोनी में हुए जलभराव के बाद प्रशासन के निर्देशों पर पानी निकालने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्थाई पाइप लगाकर गंदा पानी नहर में छोड़ा जा रहा है।
हालांकि, वॉटर वर्क्स अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने नहर के पानी की सप्लाई को वॉटर टैंक में जाने से रोका हुआ है, लेकिन नहर में पीछे से ही गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, क्योंकि नहर में खेतों, माइनरों का पानी मिक्स होकर आ रहा है। यह वर्षा के कारण हुए जलभराव के चलते हो रहा है। ऐसे में नहर में भी गंदा पानी ही बह रहा है। यह समस्या करीब एक सप्ताह से बनी हुई है। पहले जलभराव और इसके बाद सीवरेज जाम की समस्या के साथ ही गंदे पानी की सप्लाई की समस्या शुरू हुई थी।
दूषित जल पीकर हो रही पेट दर्द की समस्याएं
इस कॉलोनी के कुछ लोगों को पीने के पानी से पेट दर्द की समस्याएं सामने आई है। अगर यहीं स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो दूषित जल के कारण पेट दर्द की समस्या के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। चिकित्सकों का कहना है कि दूषित जल पीने से पेट में संक्रमण सहित कई तरह की समस्याएं हो सकती है जो काफी घातक भी हो सकती है।
लोग नलकूप पर निर्भर, कुछ मंगा रहे कैंपर
आजाद नगर व आजाद नगर के शास्त्री नगर, उमेद विहार, नवदीप कॉलोनी, अमरदीप कॉलोनी, श्याम विहार कॉलोनी, श्याम एनक्लेव, गीता कॉलोनी, चंद्रलेन कॉलोनी सहित यहां की सभी कॉलोनियों में आजाद नगर व कैमरी रोड स्थित वॉटर वर्क्स से पानी की सप्लाई हो रही है। यहां रहने वाले लोग अब पीने के पानी के लिए नलकूप के पानी पर निर्भर हो गए है।
यहां आजाद नगर रोड पर नहर के पास नाका पर व कैमरी रोड पर नहर के पास नाका पर नलकूप लगे हुए है। इन नलकूपों पर सुबह से लेकर शाम तक पीने का पानी भरने के लिए कॉलोनीवासियों की लाइन लगने लगी है। इसके साथ ही कुछ लोग कैंपर से भी पानी मंगवा रहे है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।