नया घर, पुरानी सियासत... आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई ने दिखाई ताकत; गृह प्रवेश के बाद अब क्या है मास्टरप्लान?
कुलदीप बिश्नोई ने हिसार के आदमपुर में अपने पिता भजनलाल की दुकान पर नया घर बनाकर राजनीतिक संदेश दिया है। ...और पढ़ें

आदमपुर में कुलदीप विश्नोई ने दिखाई ताकत। फोटो जागरण
HighLights
कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में नया घर बनाया।
यह कदम परिवार की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने हेतु।
पुराने समर्थकों को एकजुट करने का प्रयास दिखा।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। राजनीति में घर केवल रहने की जगह नहीं होते, कई बार वे सियासी ताकत, जनसंपर्क और राजनीतिक विरासत के प्रतीक बन जाते हैं। हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने हिसार के मंडी आदमपुर में अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल की दुकान नंबर 107 में नया घर बनाकर कुछ ऐसा ही राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।
तीन दिन पहले हुए गृह प्रवेश समारोह में हजारों लोगों की भागीदारी को महज पारिवारिक आयोजन मानना राजनीतिक नजरिये से सही नहीं होगा। यह आदमपुर में बिश्नोई परिवार की पकड़ और पुराने समर्थकों को फिर से एकजुट करने का प्रयास दिखाई दे रहा है।
चुनावी हार के बावजूद उनका परिवार क्षेत्र छोड़ने वाला नहीं
इस आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि विधानसभा चुनाव में कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को आदमपुर से हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के चंद्र प्रकाश ने यहां जीत दर्ज की थी। भजनलाल परिवार के लिए यह केवल एक चुनावी हार नहीं, बल्कि अपने परंपरागत राजनीतिक गढ़ में किसी दूसरे की घुसपैठ का संकेत भी था।
ऐसे में आदमपुर में स्थायी आशियाना बनाकर कुलदीप ने स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि चुनावी हार के बावजूद उनका परिवार क्षेत्र छोड़ने वाला नहीं है।
गृह प्रवेश समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा पीले रंग के टेंट की रही। पीला रंग कभी भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई की हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) की पहचान हुआ करता था। बाद में हजकां का कांग्रेस में विलय हुआ और कुलदीप भाजपा में शामिल हो गए।
ऐसे में पीले रंग का इस्तेमाल पुरानी राजनीतिक विरासत और समर्थकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। यह भाजपा में रहते हुए अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाए रखने का संदेश भी है।
भव्य जीत जाते तो बनाए जाते डिप्टी सीएम
समारोह में पंचकूला से कांग्रेस विधायक और कुलदीप के बड़े भाई चंद्रमोहन बिश्नोई की मौजूदगी ने पारिवारिक एकजुटता को सामने रखा है। वहीं, समर्थकों के बीच यह असंतोष भी है कि कुलदीप को राज्यसभा भेजकर राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का उचित इनाम अभी तक क्यों नहीं दिया गया है।
हालांकि सरकार और संगठन में उनके समर्थकों को जगह देने की प्रक्रिया जारी है। स्वयं कुलदीप ने इस कार्यक्रम में कहा कि अगर भव्य चुनाव जीत जाते तो उन्हें हरियाणा में डिप्टी सीएम बनाया जाता।
विरासत बचाने के साथ भविष्य की जमीन तैयार करने की कोशिश
कुलदीप बिश्नोई स्वयं हिसार और भिवानी से दो बार सांसद रह चुके हैं। उनके पिता भजनलाल का हरियाणा के साथ राजस्थान में भी प्रभाव रहा है। परिवार की राजनीतिक सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी मां जसमा देवी, पत्नी रेणुका बिश्नोई और बेटे भव्य बिश्नोई विधायक रह चुके हैं, जबकि पुत्रवधू परी बिश्नोई आइएएस अधिकारी हैं।
इस पूरे घटनाक्रम को बारीकी से देखें तो कुलदीप बिश्नोई एक साथ तीन मोर्चों पर काम करते दिखाई दे रहे हैं। पहला, आदमपुर में परिवार की पुरानी पकड़ को दोबारा मजबूत करना। दूसरा, समर्थकों को यह भरोसा दिलाना कि उनकी राजनीतिक उपेक्षा नहीं हुई है। तीसरा, भाजपा नेतृत्व को अपनी जनाधार और राजनीतिक उपयोगिता का अहसास कराना।
ऐसे में कुलदीप के सामने असली चुनौती भीड़ जुटाने से आगे बढ़कर लोगों का खोया विश्वास हासिल करने की होगी। इसके लिए उन्होंने हर जिले में स्नेह मिलन कार्यक्रमों का सिलसिला चला रखा है। आठ जिलों में यह आयोजन हो चुके हैं। इन कार्यक्रमों के बाद कुलदीप बिश्नोई किसी भी समय राज्य स्तरीय रैली की तारीख और स्थान तय कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।